नागौर

रेल पटरी क्रेक : इंजन सहित मालगाड़ी के 7 वैगन पटरी से उतरे, 6 रेलगाडिय़ों का मार्ग बदला

भारी बरसात के कारण पटरी में क्रेक आने से मालगाड़ी के इंजन सहित सात वैगन पटरी से उतर गए
2 min read
• •
Updated: 18 Jul 2025, 7:35 PM IST
Feature image

डीडवाना-कुचामन जिले के गच्छीपुरा रेलवे स्टेशन के फाटक संख्या 59 सी के समीप शुक्रवार सुबह गुजरात से न्यूजलपाईगुड़ी जा रही मालगाड़ी के सात वैगन अचानक पटरी से उतर गए। इस दौरान जयपुर-जोधपुर रेल मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। गनीमत रही कोई वैगन नहीं पलटा। इससे जानमाल की हानि नहीं हुई।

भारी बरसात के कारण पटरी में क्रेक

गच्छीपुरा स्टेशन अधीक्षक मखनलाल मीणा ने बताया कि भारी बरसात के कारण पटरी में क्रेक आने से मालगाड़ी के इंजन सहित सात वैगन पटरी से उतर गए। तेज बारिश के कारण कई दिनों से इस मार्ग पर ट्रेनें धीमी रफ्तार से निकाली जा रही थी।
हादसे की सूचना मिलते ही रेल मार्ग को दुरुस्त करने के लिए मेड़ताररोड से तुरंत दुर्घटना राहत ट्रेन मौके पर पहुंची और मार्ग दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया। जोधपुर से भी राहत टीम मौके पर पहुंची। मालगाड़ी मेड़ता से जयपुर की तरफ डाउन रेल ट्रैक पर जा रही थी। इस बीच गच्छीपुरा रेलवे स्टेशन से आगे गेट 59 के पास सात वैगन पटरी से उतर गए।

शाम तक दोनों ट्रैक पूरी तरह बाधित

सूचना मिलने पर जोधपुर से रेलवे के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि जयपुर से जोधपुर के बीच डबल रेल ट्रैक होने से ऐतिहातन अप रेल ट्रैक को बाधित किया गया है। शाम तक दोनों ट्रैक पूरी तरह बाधित रहे। इस दौरान डीआरएम भी मौेक पर पहुंच गए। शाम तक करीब 300 कार्मिक मौके पर ट्रैक को दुरुस्त कर वैगन व इंजन को फिर से ट्रैक पर लाने में जुटे रहे।

ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से निकाला

उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ शशि किरण ने बताया कि रेल यातायात प्रभावित होने से पांच ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग निकाला गया। इनमें गाड़ी संख्या 19720, सूरतगढ-जयपुर एक्सप्रेस को बीकानेर-रतनगढ- चूरू-सीकर-रींगस होकर, गाड़ी संख्या 14087, दिल्ली-जैसलमेर एक्सप्रेस को रींगस-सीकर-चूरू-रतनगढ-डेगाना होकर, गाड़ी संख्या 12468, जयपुर-जैसलमेर एक्सप्रेस ट्रेन को जयपुर से वाया रींगस-सीकर-चूरू-रतनगढ-बीकानेर होकर , गाड़ी संख्या 18573, विशाखपट्टनम-भगत की कोठी एक्सप्रेस को वाया फुलेरा-अजमेर-मारवाड जं. होकर, गाड़ी संख्या 12465, इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस ट्रेन को वाया फुलेरा-अजमेर-मारवाड जं. होकर, गाड़ी संख्या 22978, जोधपुर-जयपुर एक्सप्रेस को जोधपुर से वाया मारवाड जं.- अजमेर -फुलेरा होकर निकाला। देर शाम को जम्मूतवी-बाड़मेर एक्सप्रेस ट्रेन 14662 को परिवर्तित मार्ग के स्थान पर निर्धारित मार्ग से संचालित किया गया।

Updated on:
18 Jul 2025, 7:35 PM IST
Published on: