एमडीएमए सप्लायर सुरेन्द्र उर्फ श्रीराम, दिनेश एवं प्रदीप को जोधपुर से किया गिरफ्तार, ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नागौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन तस्कर गिरफ्तार
नागौर. जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नागौर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना कोतवाली ने कार्रवाई में एमडीएमए सप्लायर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अलाय हाल बीकानेर निवासी दिनेश विश्नोई, जोधपुर जिले के सिरमंडी निवासी आरएसी कांस्टेबल श्रीराम विश्नोई तथा जालौर जिले के जोगऊ निवासी प्रदीप विश्नोई शामिल है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नागौर के सुपरविजन एवं वृत्ताधिकारी नागौर के निर्देशन में कोतवाली थाने से प्रशिक्षु आईपीएस अदिती उपाध्याय के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तीनों आरोपियों को जोधपुर से गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार गत 23 जनवरी कोतवाली थाने के उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए शहर के घोसीनाडा स्थित चाचा ताराचंद के मकान से आरोपी आशाराम गहलोत उर्फ आशिष उर्फ आशुतोष को गिरफ्तार कर, 142.08 ग्राम एमडीएमए जब्त की थी। प्रकरण की जांच आईपीएस अदिती उपाध्याय की ओर से जा रही थी। आरोपी आशाराम ने पूछताछ में बताया कि उसे एमडीएमए तीनों आरोपियों ने सप्लाई की थी, जिसके बाद पुलिस ने टीम गठित कर तीनों को जोधपुर से गिरफ्तार किया।
दिनेश के खिलाफ आठ मामले
पुलिस जांच में सामने आया कि एमडीएमए सप्लायर दिनेश विश्नोई के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग थानों में आठ मामले दर्ज हैं। जिसमें एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज रहे हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि आरोपी लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहा है।