Jharkhand New CM Hemant Soren: शपथ ग्रहण करने के बाद हेमंत सोरेन ने शहीद अग्निवीर अर्जुन महतो के परिजन को नौकरी और 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी है।
Hemant Soren: झारखंड में रांची के मोहराबादी मैदान में हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने सीएम के रूप में शपथ ली है। शपथ ग्रहण करने के बाद हेमंत सोरेन ने शहीद अग्निवीर अर्जुन महतो (Arjun Mahto) के परिजन को नौकरी और 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी है। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अग्निवीर (Agniveer) जैसी योजना शुरू की है। युवाओं के भविष्य को लेकर कई सवाल हैं। राज्य सरकार ने पहले ही तय कर लिया था कि वह झारखंड के उन अग्निवीरों के परिवारों के साथ खड़ी रहेगी, जिन्होंने किसी भी घटना में जान गंवाई है। अग्निवीर अर्जुन महतो ने हाल ही में देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। हमने अग्निवीर अर्जुन महतो के भाई को नियुक्ति पत्र दिया है और शहीद अग्निवीर अर्जुन महतो के परिवार को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की गई है।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा झारखंड की वीर भूमि के लाल, बोकारो के चंदनकियारी से अग्निवीर अर्जुन महतो ने कुछ दिन पहले देश की सेवा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी। आज अबुआ सरकार के शपथ ग्रहण के बाद वीरगति प्राप्त अग्निवीर अर्जुन महतो के आश्रित भाई बलराम महतो को सरकारी नौकरी और अनुग्रह अनुदान के रूप में 10 लाख रुपए की राशि प्रदान की। इस दुःख की घड़ी में राज्य सरकार दिवंगत अग्निवीर अर्जुन महतो के पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। केंद्र सरकार से मैं पुनः विनम्र निवेदन करता हूं कि सभी अग्निवीरों को पूर्ण सैनिक का दर्जा दिया जाए। वीरगति प्राप्त करने वाले जांबाज जवानों में भेदभाव समाप्त हो।
सीएम के रूप में शपथ ग्रहण करने के बाद हेमंत सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा और भगवान सिदो-कान्हू को नमन किया। इस दौरान उनके साथ पत्नी कल्पना सोरेन (Kalpana Soren) भी मौजूद थी। वहीं हेमंत सोरेन के सीएम के रूप में शपथ लेने के बाद उनकी पत्नी और गांडेय से विधायक कल्पना सोरेन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह झारखंड के लोगों द्वारा दिया गया जनादेश है और हमने इसे खुशी-खुशी स्वीकार किया है। अभी भी बहुत सारी चुनौतियां हैं। झारखंड का एक भाई और बेटा होने के नाते हेमंत एक समृद्ध झारखंड बनाने की सभी आकांक्षाओं को पूरा करेंगे।