राष्ट्रीय

बिहार चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस ने 43 नेताओं को थमाया नोटिस, बड़ी वजह आई सामने

Bihar Assembly Election 2025: बिहार चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस ने 43 नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
2 min read
Nov 18, 2025
कांग्रेस ने 43 नेताओं को दिया नोटिस
कांग्रेस। (File Photo)

बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस ने महज 6 सीटों पर जीत दर्ज की है, जिसमें से चार सीमांचल की सीट है। विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी की अंदरूनी कलह भी सामने आ गई है। कांग्रेस ने अपने 43 नेताओं को नोटिस दिया है और 21 नवंबर तक जवाब देने की मोहलत दी है। 

लगाया ये बड़ा आरोप 

बता दें कि कांग्रेस ने जिन 43 नेताओं को नोटिस भेजा है, उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप लगाया है। दरअसल, विधानसभा चुनाव के दौरान इन्होंने पार्टी लाइन से हटकर बयान दिए थे, जिससे पार्टी को नुकसान हुआ था। 

21 नवंबर तक मांगा स्पष्टीकरण

पार्टी ने सभी नेताओं को निर्देश दिया है कि वे 21 नवंबर की दोपहर 12 बजे तक अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। बता दें कि कांग्रेस के नाराज नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और प्रभारी कृष्णा अल्लावरू की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए। 

नोटिस को लेकर गुस्सा हुए नेता

वहीं पार्टी द्वारा नोटिस जारी करने पर कई नेता गुस्सा भी हो गए हैं। नाराज नेताओं का कहना है कि कांग्रेस आलाकमान आलोचना सुनने की बजाय उसे दबाना चाहता है। बता दें कि पार्टी ने जिन नेताओं को नोटिस जारी किया है, उसमें पूर्व मंत्री से लेकर पूर्व विधायक तक शामिल हैं।

NDA ने जीती 202 सीटें

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 243 सीटों में से 202 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं 89 सीट जीतकर बीजेपी प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने 85 सीटें जीती है। लोजपा (आर) ने 19, हम ने 5 और आरएलएम ने 4 सीटें जीती। महागठबंधन में राजद ने 25, कांग्रेस ने 6 सीटें जीती। इसके अलावा CPI (ML) (L) ने 2, सीपीआई (एम) और आईआईपी ने एक-एक सीटें जीती।

Updated on:
18 Nov 2025 05:17 pm
Published on:
18 Nov 2025 05:17 pm