राष्ट्रीय

NEET परीक्षा विवाद पर सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- छात्रों से ज्यादा राजनीति को प्राथमिकता दे रही पार्टी

NEET Paper Leak Case: कर्नाटक में NEET परीक्षा के दौरान कांग्रेस की रैली से उत्पन्न ट्रैफिक जाम को लेकर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर छात्रों की अनदेखी का आरोप लगाया।

2 min read
Jun 22, 2026
Sudhanshu Trivedi
BJP सांसद सुधांशु त्रिवेदी (ANI)

NEET Exam Controversy: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ सांसद सुधांशु त्रिवेदी (Sudhanshu Trivedi) ने कर्नाटक में NEET परीक्षा के दौरान सामने आए विवाद को लेकर कांग्रेस (Congress) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मीडिया में आई खबरें बेहद चिंताजनक और निराशाजनक हैं, क्योंकि कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद की रैली के कारण कई छात्रों को बेंगलुरु में समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और वे NEET परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह गए।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि एक ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी परीक्षा से ठीक 72 घंटे पहले कोटा में छात्रों और परीक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े बयान दे रहे थे, वहीं दूसरी ओर उनकी पार्टी की सरकार छात्रों की सुविधा के लिए अपनी राजनीतिक रैली के समय में कुछ घंटों या मिनटों का भी बदलाव करने को तैयार नहीं थी।

कांग्रेस ने राजनीति को रखा सबसे आगे

उन्होंने कहा कि यह घटना स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि कांग्रेस पार्टी के लिए राजनीति सर्वोच्च प्राथमिकता है, जबकि छात्रों और युवाओं के हितों की चिंता केवल दिखावे तक सीमित है। भाजपा सांसद के अनुसार, जिन छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी हुई, उनके अभिभावकों ने इस मामले को लेकर राहुल गांधी को पत्र भी लिखा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिया उदहारण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए त्रिवेदी ने कहा कि हाल ही में कोलकाता दौरे से लौटने के दौरान प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली हवाई अड्डे पर लगभग 45 मिनट तक रुके रहे, ताकि उनके आवागमन के कारण लागू होने वाले यातायात प्रतिबंधों से NEET परीक्षा देने जा रहे छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

क्या है NEET परीक्षा विवाद?

NEET परीक्षा विवाद 2026 की NEET-UG परीक्षा से जुड़ा है, जिसमें 3 मई 2026 को करीब 22.8 लाख छात्रों ने मेडिकल प्रवेश के लिए परीक्षा दी। परीक्षा के कुछ दिनों बाद राजस्थान (खासकर सीकर-जयपुर) में पेपर लीक का बड़ा आरोप लगा, जिसमें हैंडराइटन गेस पेपर के सैकड़ों सवाल असली पेपर से मैच कर गए। इस पर NTA ने 12 मई को पूरी परीक्षा रद्द कर दी और 21 जून 2026 को Re-NEET कराई।