
Bhagwant Mann Birthday: भाजपा सांसद तरुण चुघ ने पंजाब में नशा, हत्याओं और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार की अनुभवहीनता के कारण पंजाब में नशे का कारोबार बढ़ रहा है और नशे का विरोध करने वालों की सरेआम हत्या हो रही है।
चुघ ने भगवंत मान के फ्रांस दौरे पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि सरकारी दौरे पर मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी क्यों जा रही हैं और यात्रा का खर्च कौन उठा रहा है। चुघ ने कहा कि पंजाब नशे की आग में जल रहा है और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पुलिस और प्रशासन माफियाओं के दबाव में हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य के 23 पुलिस थानों पर ग्रेनेड से हमले हो चुके हैं और पुलिसकर्मी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
भाजपा सांसद ने कहा कि पंजाब में हालात खराब हैं, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी पत्नी के साथ फ्रांस में जन्मदिन मनाने जा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि यह सरकारी दौरा है तो मुख्यमंत्री की पत्नी किस हैसियत से प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से फ्रांस सरकार की ओर से मिले औपचारिक निमंत्रण को सार्वजनिक करने की मांग की।
चुघ ने आरोप लगाया कि सरकारी खजाना खाली होने की बात कहकर पेंशनधारकों और सरकारी कर्मचारियों को उनके अधिकार नहीं दिए जा रहे हैं। कर्मचारियों को महंगाई भत्ता नहीं मिल रहा और सरकारी योजनाएं भी नहीं चल रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का जन्मदिन मनाने के लिए फ्रांस जाना सरकारी धन की फिजूलखर्ची है।
वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने भी राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पंजाब में हत्याएं, मुठभेड़ और फिरौती की घटनाएं आम हो गई हैं। लोगों का जीवन कठिन होता जा रहा है और व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी संभाल रहे लोग अपनी भूमिका निभाने में नाकाम हैं। पायलट ने कहा कि नशे, अवैध हथियारों, फिरौती और हत्याओं पर रोक लगाने के लिए व्यवस्था में बदलाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि पंजाब को फिर से संभालने का समय आ गया है और उन्हें पूरा विश्वास है कि जनता व्यवस्था बदलने का काम करेगी।