राष्ट्रीय

दिल्ली-एनसीआर में CNG हुई महंगीः 2 रुपए का इजाफा, 12 दिन में चौथी बार बढ़े दाम

Delhi NCR CNG new rates: दिल्ली-एनसीआर में CNG फिर महंगी हो गई है। 12 दिनों में चौथी बार कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में नए रेट लागू हो गए हैं।
2 min read
CNG price increased by Rs 2 in Delhi-NCR
CNG rates increased fourth time in 12 days in Delhi-NCR (File Photo- IANS)

Delhi NCR CNG price hike: दिल्ली-एनसीआर में CNG की कीमतों में फिर इजाफा हुआ है। 12 दिनों में चौथी बार कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। CNG की कीमतों में 2 रुपए प्रति किलो के ताजा बदलाव के साथ दिल्ली में CNG की कीमत 83.09 रुपए प्रति किलोग्राम जबकि नोएडा और गाजियाबाद में इसकी कीमत 91.70 रुपए प्रति किलोग्राम होगी। इससे पहले सरकार ने 15 मई को CNG की कीमतें 2 रुपए बढ़ाई थीं, फिर 18 मई को 1 रुपए और 23 मई को फिर 1 रुपए बढ़ाई थी। 15 मई के बाद से CNG की कीमतों में यह चौथी बढ़ोतरी है। यह बढ़ोतरी तब शुरू हुई जब सरकारी तेल कंपनियों ने मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष के कारण बढ़ती ऊर्जा लागत का बोझ ग्राहकों पर डालना शुरू कर दिया।

CNG के संशोधित रेट (प्रति किलोग्राम)

शहरCNG की नई कीमत (प्रति किलोग्राम)
दिल्ली83.09 रुपए
नोएडा91.70 रुपए
गाजियाबाद91.70 रुपए
गुरुग्राम88.12 रुपए
ग्रेटर नोएडा91.70 रुपए
अजमेर92.44 रुपए

CNG के दाम बढ़ने से क्या असर होगा?

CNG की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव पब्लिक ट्रांसपोर्ट और कमर्शियल वाहनों के संचालन खर्च पर देखने को मिल सकता है। इसकी वजह यह है कि वर्तमान में अधिकतर बसें, टैक्सियां और व्यावसायिक वाहन CNG से संचालित होते हैं। ऐसे में ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर बढ़े हुए ईंधन खर्च की भरपाई यात्रियों से अधिक किराया वसूलकर कर सकते हैं।

दरअसल, CNG के दामों में यह इजाफा वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ती अनिश्चितताओं के बीच हुआ है। मध्य-पूर्व में जारी तनाव और होर्मुज स्ट्रेट के आसपास जारी संकट ने अंतरराष्ट्रीय तेल सप्लाई को प्रभावित किया है। यह जलमार्ग दुनिया की करीब 20 प्रतिशत तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है। ऐसे हालात में ऊर्जा लागत बढ़ने से घरेलू ईंधन कीमतों पर भी दबाव बढ़ गया है।

बता दें कि इससे पहले ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की थी, जिससे कुल वृद्धि लगभग 7.5 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गई। पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 2.71 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। यह मई में ईंधन की कीमतों में चौथी बढ़ोतरी है।

Updated on:
26 May 2026 08:23 am
Published on:
26 May 2026 07:29 am