राष्ट्रीय

पंजाब बीजेपी में असंतोष, नितिन नवीन बोले – ‘सबको साथ लेकर चलें’

Punjab BJP Conflict: आगामी चुनाव से पहले पंजाब बीजेपी में असंतोष देखने को मिल रहा है। ऐसे में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सबको साथ लेकर चलने की बात कही है।
2 min read
Aug 11, 2026
Nitin Nabin
नितिन नवीन (Photo - ANI)

आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जोर-शोर से तैयारियों में जुटी पंजाब बीजेपी (Punjab BJP) में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों (Kewal Singh Dhillon) की नई टीम की घोषणा के बाद असंतोष और इस्तीफों की वजह से पार्टी की मुश्किलें बढ़ रही हैं। चुनाव में अभी समय बाकी है, लेकिन बीजेपी की पंजाब यूनिट में आंतरिक कलह ने शीर्ष की चिंता भी बढ़ा दी है।

नितिन नवीन ने की एकता की मांग

पंजाब बीजेपी में असंतोष के बीच पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) ने एकता की मांग करते हुए सबको साथ लेकर चलने के निर्देश दिए हैं। पंजाब में नई कार्यकारिणी के गठन के बाद से लगातार आ रही असंतोष की खबरों के बाद नवीन ने ढिल्लों और प्रदेश संगठन महामंत्री मंथरी श्रीनिवासुलु को दिल्ली बुलाकर संगठनात्मक चुनौतियों पर चर्चा की।

नाराज़गी पर विस्तार से हुई चर्चा

बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि संगठन में बदलाव के दौरान नाराज़ नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा। बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष (BL Santhosh) और सतीश पूनिया (Satish Poonia) भी मौजूद रहे। पूनिया राजस्थान (Rajasthan) से राज्यसभा सदस्य हैं और पंजाब के पड़ोसी राज्य हरियाणा (Haryana) के प्रभारी की ज़िम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। बैठक में पंजाब बीजेपी में हाल में हुए इस्तीफों और संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर सामने आई नाराज़गी पर विस्तार से चर्चा हुई।

गलतियाँ सुधारने के दिए निर्देश

नई टीम के चयन के दौरान 5 महासचिवों में से 3 एक ही जिले से बनाए गए हैं और एक ही जिले से कुल 10 पदाधिकारी शामिल कर लिए गए हैं। बैठक में हुई चर्चा के दौरान कई मुद्दे आए और राष्ट्रीय नेतृत्व ने तुरंत 'गलतियों को सुधारने' के कड़े निर्देश देकर कहा है कि सबको साथ लेकर चलना ही पार्टी के हित में हाँ। नवीन के अनुसार ज़िम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं को असंतुष्ट कार्यकर्ताओं और नेताओं तक पहुंचकर संवाद करना होगा।

पंजाब में संगठन विस्तार पर जोर

बीजेपी ने पंजाब के सभी 24 हज़ार मतदान केंद्रों तक संगठन खड़ा करने का लक्ष्य तय किया है। फिलहाल पार्टी करीब 19 हज़ार बूथों तक अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुकी है। बैठक में बाकी बूथों तक पहुंच बढ़ाने, संगठन को मज़बूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जमीनी स्तर पर नेटवर्क तैयार करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।