राष्ट्रीय

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग, अब हरियाणा कांग्रेस ने 5 विधायकों को किया सस्पेंड

Haryana Congress MLAs suspended: हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान कथित क्रॉस-वोटिंग के आरोप में कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों को निलंबित कर दिया। पार्टी ने अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि लाइन से हटकर मतदान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
2 min read
Apr 16, 2026
INDIA Bloc leaders amid growing tensions between Congress, CPM, and JMM.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Photo - ANI)

Haryana Congress राज्यसभा चुनाव में कथित क्रॉस वोटिंग के आरोप में हरियाणा कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। इसके चलते उसने अपने पांच विधायकों को अनुशासनहीनता के आरोप में सस्पेंड कर दिया है। पार्टी की राज्य इकाई तरफ से जिन कांग्रेस विधायकों पर कार्रवाई की गई है, उनमें शैली चौधरी, रेनू बाला, मोहम्मद इलियास, मोहम्मद इजराइल और सरदार जरनैल सिंह हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, हरियाणा कांग्रेस की अनुशासन समिति और कांग्रेस विधायक दल की बैठकों में इन विधायकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की गई थी और मामले को केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया था। केंद्रीय अनुशासन समिति और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की स्वीकृति के बाद पांचों कांग्रेस विधायकों को सस्पेंड करने का फैसला किया गया। इसको लेकर कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि पार्टी लाइन से हटकर मतदान करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।

पार्टी में अनुशासन सर्वोपरिः राव नरेंद्र सिंह

उधर, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि संबंधित विधायकों ने हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ मतदान कर गंभीर अनुशासनहीनता का परिचय दिया, जो संगठनात्मक मर्यादाओं के प्रतिकूल है।

उन्होंने सफा किया कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है। पार्टी में किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह निर्णय पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए स्पष्ट और सीधा संदेश है। पार्टी के सामूहिक निर्णयों और अधिकृत रुख के खिलाफ किसी प्रकार की गतिविधि पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, कांग्रेस विधायकों को सस्पेंड करने के बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस मसले पर लोग कांग्रेस को भी घेर रहे हैं।

भाजपा और कांग्रेस ने जीती थी 1-1 सीट

आपको बता दें कि हरियाणा में सत्ताधारी भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में 1-1 सीटें जीती थी। भाजपा की तरफ से ये सीट संजय भाटिया और कांग्रेस की ओर से करमवीर बौद्ध ने जीत दर्ज की थीं। इन चुनावों में क्रॉस वोटिंग की शिकायत देखने को मिली थी। भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल को इस चुनाव में शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इस चुनाव में 88 विधायकों ने मतदान किया था।

Updated on:
16 Apr 2026 04:53 pm
Published on:
16 Apr 2026 04:24 pm