राष्ट्रीय

उफनते पानी में फंसा बाइक सवार, नवविवाहिता ने दुपट्टा फेंक ऐसे बचाई जान

Flash Flood: चंबा में बहते पानी के बीच फंसे बाइक सवार की नवविवाहिता ने बचाई जान। दुपट्टा बना सहारा, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
Sep 01, 2026
Viral Video Dupatta Rescue, Chamba Bhattiyat Incident
चंबा में नवविवाहिता ने दुपट्टे से बचाई बाइक सवार की जान / फोटो सोर्स- X(@imravindrabisht)

Viral Video News: हिमाचल प्रदेश के चंबा में बारिश के बाद सड़क पर आए तेज पानी के बहाव में एक बाइक सवार बुरी तरह फंस गया। पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि युवक की जान पर बन आई। इसी बीच वहां से गुजर रही एक नवविवाहिता ने अपनी सूझबूझ दिखाई और अपना दुपट्टा आगे बढ़ाकर युवक की जान बचा ली। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

अचानक सड़क पर आया तेज पानी

यह घटना चंबा के भटियात इलाके के कमलाड़ी की है। बताया जा रहा है कि शुरुआत में सड़क पर पानी सामान्य दिख रहा था, लेकिन अचानक ऊपर से आए तेज सैलाब ने पूरी सड़क को खतरनाक जलधारा में बदल दिया। इसी दौरान वहां पहुंचे बाइक सवार को पानी की गहराई और रफ्तार का सही अंदाजा नहीं लग सका। देखते ही देखते बाइक का संतुलन बिगड़ने लगा और पानी का दबाव इतना बढ़ गया कि युवक खुद को संभाल नहीं पा रहा था।

नवविवाहिता ने दिखाई हिम्मत

जब कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था, तभी वहां से कार में जा रही एक महिला ने बिना देर किए अपना दुपट्टा उतारा और बाइक सवार की तरफ बढ़ा दिया। युवक ने तुरंत दुपट्टे को कसकर पकड़ लिया। इतने में वहां एक और कार आ रुकी। कार में सवार लोगों ने भी तुरंत मदद की और सबने मिलकर बाइक सवार को सही-सलामत पानी से बाहर निकाल लिया। अगर थोड़ी सी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

लोगों ने की महिला की तारीफ

घटना का वीडियो इंटरनेट पर आने के बाद लोग महिला के साहस की जमकर तारीफ कर रहे हैं। हालांकि महिला कौन थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि जहां ज्यादातर लोग खौफ के मारे दूर खड़े थे, वहां इस नवविवाहिता ने अपनी सूझबूझ से एक इंसान की जिंदगी बचा ली।

पहाड़ी रास्तों पर सफर के दौरान बरतें सतर्कता

हिमाचल और चंबा जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के मौसम में ऐसी घटनाएं बहुत घातक साबित हो सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों और स्थानीय प्रशासन की सलाह है कि पहाड़ों में यात्रा करते समय बहते पानी को कभी हल्का न समझें, क्योंकि ऊपर से आने वाले सैलाब में पानी का बहाव और गहराई धोखा दे सकती है। बारिश के दौरान अगर सड़क पर पानी का बहाव तेज दिखे तो किसी सुरक्षित स्थान पर रुककर जलस्तर कम होने का इंतजार करना ही समझदारी है, क्योंकि ऊपरी इलाकों में अचानक होने वाली बारिश निचले रास्तों पर पलभर में फ्लैश फ्लड का रूप ले लेती है।

Updated on:
01 Sept 2026 12:58 pm
Published on:
01 Sept 2026 12:54 pm
Also Read
View All
NEET अभ्यर्थी अनिता की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली तो भड़का विवाद, विधानसभा में गरमाई सियासत

Vinesh Phogat: दिल्ली हाईकोर्ट में विनेश फोगाट की WFI को चुनौती, अनुशासनात्मक कार्रवाई पर मांगा जवाब; अब 29 सितंबर को होगी सुनवाई

CJP Protest: महाराष्ट्र, असम, बंगाल और बिहार ने SC से मांगी FIR रद्द करने की अनुमति, केंद्र पहले ही कर चुका है 13 केस खत्म करने की मांग

SCO Summit में शहबाज शरीफ के सामने पीएम मोदी की दो टूक, कहा- आतंकवाद नहीं बन सकता स्ट्रेटेजिक हथियार

‘हमें गरीब बनाने के लिए धन्यवाद’ से ‘मोदी है तो मुंबई है’, PM मोदी के वीडियो पर यूजर का तंज