
Weather Alert: दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में मार्च में ही पारा चढ़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अगले तीन-चार दिन के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में दिन के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत के कई स्थानों पर अगले चार दिन के दौरान अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी के आसार हैं।
आईएमडी के मुताबिक अगले चार-पांच दिन में मध्य भारत और आंतरिक महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस और गुजरात में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान है। इसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है।
राजस्थान के कई शहरों में अधिकतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। जोधपुर और बाड़मेर सहित कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। वहीं कई स्थानों पर गर्म हवाएं चलना शुरू हो गई हैं।
मध्यप्रदेश के रतलाम में मंगलवार को पारा 40 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक है। इससे लू जैसे हालात पैदा हो गए। प्रदेश में कुछ स्थानों पर तापमान 39 डिग्री के आसपास है। बुधवार से कुछ स्थानों पर लू के हालात हो सकते हैं।
छत्तीसगढ़ में भी पारा चढऩे का सिलसिला जारी है। कई शहरों में तापमान 40 के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री बढ़ने के आसार हैं।
दरअसल, बिहार में मौसम करवट बदल रहा है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में अगले तीन दिन के दौरान न्यूनतम तापमान में भी 1 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
मंगलवार से हिमाचल प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (WD) दोबारा एक्टिव हो रहा है। इससे चंबा और लाहौल स्पीति जिले के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में आज हल्का हिमपात हो सकता है।