
भारतीय सेना (Indian Army) को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। सेना ने जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) के बड़गाम (Budgam) के युसमर्ग (Yousmarg) में संयुक्त सैन्य अभियान के तहत 'ऑपरेशन अशदार' (Operation Ashdar) चलाया। इस संयुक्त सैन्य अभियान के तहत चलाए गए 'ऑपरेशन अशदार' में सेना के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस और श्रीनगर सीआरपीएफ भी शामिल रही। सतर्क जवानों ने इलाके में संदिग्ध गतिविधि देखी और जब उन्हें चुनौती दी गई, तो आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई और इस दौरान पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) का आतंकी यासिर (Yasir) मारा गया।
यासिर के पास से एक AK राइफल और कई अन्य हथियार भी बरामद हुए। इलाके में सेना का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है, जिससे किसी अन्य आतंकी के होने पर उसे भी मार गिराया जा सके।
जानकारी के अनुसार यासिर लंबे समय तक लश्कर के सुलेमान मूसा ग्रुप से जुड़ा हुआ था, लेकिन करीब एक साल पहले उसने यह ग्रुप छोड़ दिया था। इसके बाद वह अकेले काम कर रहा था और लश्कर के कमांडर के तौर पर बड़गाम में एक्टिव था।
सुरक्षाबलों ने बड़गाम में यासिर के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या यासिर लश्कर के किसी आतंकी से संपर्क में था या इलाके में किसी आतंकी हमले की साजिश कर रहा था।
बड़गाम में कुछ दिन पहले भी सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया था। बड़गाम के युसमर्ग में ही सुरक्षाबलों ने एक पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया था।
जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी आतंकियों के खिलाफ सेना सुरक्षाबलों की कार्रवाई जारी है। आतंकियों को उनके मंसूबों को अंजाम देने से रोकने के लिए सुरक्षाबल अक्सर ही सैन्य अभियान चलाती है और आतंकियों का एनकाउंटर करती है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में खुफिया एजेंसियों के साथ सुरक्षाबल पूरी तरह एक्टिव है जिससे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और जनता बिना किसी डर के रह सके।