
IndiGo Travel Advisory: महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने मुंबई और पुणे समेत कई इलाकों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश, जलभराव और भूस्खलन की घटनाओं के बीच इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड की एयरलाइन IndiGo ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए फ्लाइट से यात्रा करने वालों को जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने आधिकारिक संदेश में कहा कि मुंबई और पुणे में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर पड़ सकता है। ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले कंपनी की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर अपनी फ्लाइट का लेटेस्ट स्टेटस अवश्य जांच लेना चाहिए।
IndiGo ने यात्रियों से यह भी अनुरोध किया है कि भारी बारिश के कारण शहर में कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। इसलिए एयरपोर्ट पहुंचने के लिए सामान्य दिनों की तुलना में अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और पुणे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दोनों शहरों में सोमवार को अत्यधिक भारी से लेकर मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की गंभीरता को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने भी नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। बीएमसी ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई अत्यंत आवश्यक कार्य न हो तो घरों से बाहर निकलने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
महाराष्ट्र में मानसून की तेज बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। पिछले तीन दिनों के दौरान बारिश से जुड़े विभिन्न हादसों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार रात मुंबई के मानखुर्द स्थित जनता नगर में तीन मंजिला चॉल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में पांच मासूम बच्चों और एक महिला समेत कुल छह लोगों की जान चली गई। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का अभियान चलाया।
महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MSRDC) के अनुसार, लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे तथा पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर मलबा सड़क पर आ जाने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में मलबा हटाने और यातायात को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं सफाई अभियान शुरू कर दिया है।
पश्चिमी महाराष्ट्र में लगातार हो रही तेज बारिश के चलते वरंधा घाट और पुणे के प्रसिद्ध सिंहगढ़ किले के प्रवेश द्वार के समीप भी भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियातन सिंहगढ़ किले में पर्यटकों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक पर्यटन स्थलों और पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से बचें।