
Mallikarjun Kharge Bihar Visit: बिहार में इस समय राजनीतिक उठापटक चल रही है। एक तरफ, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बिहार पहुंचते ही कांग्रेस में बगावत शुरू हो गई है। यहां बिहार के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के विरोध में पार्टी के कार्यकर्ता उतर गए हैं। राजेश राम के अलावा कृष्णा अल्लावरू को हटाने की मांग कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही है। साथ ही उन पर टिकट बेचने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पटना के बापू सभागार के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। बापू सभागार में आज बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह जी का जयंती समारोह आयोजित किया गया है। इसमें शामिल होने खरगे पहुंचे थे, लेकिन उनके आने से पहले ही कार्यकर्ताओं ने बापू सभागार के मुख्य गेट पर पोस्टर और बैनर लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और पार्टी प्रभारी कृष्णा अल्लावरू के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बापू सभागार के बाहर लगाए गए पोस्टरों में इन दोनों नेताओं पर टिकट बेचने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि राजेश राम और कृष्णा अल्लावरू को तुरंत उनके पदों से हटाया जाए, ताकि पार्टी का संगठन सही दिशा में काम कर सके।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह को एक बार फिर से बिहार कांग्रेस की कमान सौंपी जाए। कार्यकर्ताओं का मानना है कि पार्टी के अंदर नेतृत्व परिवर्तन बहुत जरूरी है। बापू सभागार के बाहर जुटे कार्यकर्ताओं ने अखिलेश सिंह को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाने के समर्थन में नारेबाजी भी की।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद से ही कांग्रेस के अंदर बदलाव की मांग उठ रही थी। चुनाव परिणामों को लेकर पार्टी के भीतर कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी थी और संगठन को पुनर्गठित करने की आवाजें उठ रही थीं। अब मल्लिकार्जुन खरगे के पटना आगमन पर हुए इस प्रदर्शन ने पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी और कलह को एक बार फिर सबके सामने ला दिया है।