
Bihar Politics: जेडीयू के मोकामा से विधायक अनंत सिंह को पार्टी से बाहर निकाला गया। पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण यह कदम उठाया गया है। उन्हे 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है।
पार्टी ने कार्यालय आदेश जारी कर इस बात की जानकारी दी है। अनंत सिंह के साथ ही पार्टी ने उनकी पत्नी और पूर्व विधायक श्रीमती नीलम देवी को भी पार्टी से निकाल दिया है।
जेडीयू ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी की दलविरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण पार्टी सदस्यता रद्द कर दी है। जेडीयू का कहना है कि अनंत सिंह लगातार पार्टी के निर्देशों की अवहेलना कर रहे थे। इसके साथ ही उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के लिए भी अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है। साथ ही जेडीयू ने ये आरोप भी लगाए कि अनंत सिंह ने विधानपरिषद के चुनावों में दूसरे दल के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार किया।
सदस्यता रद्द करने के साथ-साथ पार्टी का कहना है कि वह अब अनंत सिंह की विधायकी रद्द करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से अनुशंसा करती है। पार्टी संविधान की दसवीं अनुसूची में शामिल दल-बदल विरोधी कानून के तहत उनकी विधानसबा सदस्यता रद्द करने की प्रक्रिया अपना सकती है।
बता दें कि विधानपरिषद के चुनावों के दौरान अनंत सिंह ने बिहार विधानपरिषद की पटना स्नातक निर्वाचन सीट से जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार का समर्थन न करके जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का प्रचार किया था। पार्टी उनके उस कदम से नाराज थी।
इससे पहले शुक्रवार को हुए बिहार विधानपरिषद चुनावों के दौरान अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थक आपस में भीड़ गए थे। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मोकामा ब्लॉक कार्यालय में बने मतदान केंद्र के पास जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के समर्थक और मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह समर्थित जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थक आमने-सामने आ गए थे। दोनों दलों के समर्थकों में शुरू हुई बहस जल्द ही धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई। इसके बाद पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया था।