
Patna Encounter News: पटना में रविवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश को पैर में गोली लगी है। एनकाउंटर के दौरान सब इंस्पेक्टर राजू कुमार सिंह भी घायल हो गए हैं। बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार के सिर में चोट लगी है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पटना SSP कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि पुलिस और अपराधी के बीच कुल 62 राउंड फायरिंग हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से पिस्टल समेत अन्य हथियार बरामद किए हैं। घायल अपराधी को PMCH रेफर किया गया है। SI राजू कुमार सिंह का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुठभेड़ बिहटा थाना क्षेत्र के परेव में हुई। पुलिस ने कहा कि दो अपराधी भागने में कामयाब रहे हैं और उनकी तालश के लिए सघन छापेमारी जारी है।
बताया जा रहा है कि सोन नदी में नाव के जरिए रंगदारी वसूले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि एक सब-इंस्पेक्टर भी गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने मौके से दो पिस्टल, एक राइफल, एक कार्बाइन, एक देसी कट्टा और एक नाव बरामद की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। घायल अपराधी और सब-इंस्पेक्टर का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सोन नदी में रंगदारी वसूली का नेटवर्क कब से संचालित हो रहा था और इसमें कितने लोग शामिल हैं। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
इससे पहले, अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटना में दो अलग-अलग जगहों से पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। दो हफ्ते पहले हुई इस कार्रवाई में पटना ईस्ट इलाके से डॉक्टरों और व्यापारियों को निशाना बनाने की योजना बनाते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अगमकुआं पुलिस ने चोरी करने के आरोप में एक शख्स को दबोचा।