
PM Modi Uzbekistan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी, जिसमें भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर रहेगा। दोनों देशों के रिश्तों में पिछले कुछ सालों में लगातार मजबूती आई है। ऐसे में पीएम मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव की बैठक को द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय सहयोग के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
ताशकंद पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने उज्बेकिस्तान के कुछ युवा छात्रों का एक वीडियो सोशल मीडिया साइट 'X' पर शेयर किया। इस वीडियो में छात्र हिंदी में पीएम मोदी का स्वागत करते नजर आए। प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों के उत्साह और हिंदी बोलने के उनके अंदाज की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उज्बेकिस्तान के युवा मित्रों ने जिस उत्साह के साथ उनका स्वागत किया, वह खास है। पीएम मोदी ने खास तौर पर इस बात पर खुशी जताई कि छात्रों ने हिंदी में अपना संदेश दिया और उसे अच्छी तरह पेश किया।
वीडियो में ताशकंद के कई छात्र बारी-बारी से प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते दिखाई दिए। छात्रों ने भारत की संस्कृति के प्रति अपनी रुचि और दोनों देशों के बीच पुराने संबंधों का भी जिक्र किया। एक छात्र ने हिंदी में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा, 'आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, ताशकंद में आपका स्वागत है।' छात्र ने आगे कहा कि ताशकंद के विद्यार्थी पीएम मोदी के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव की बातचीत में व्यापार एवं निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल होंगे। दोनों नेता इन क्षेत्रों में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और भविष्य में सहयोग को और आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। बैठक के दौरान दोनों देश साझा प्राथमिकताओं और आगे के एजेंडे को लेकर भी विचार-विमर्श कर सकते हैं।विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह उज्बेकिस्तान का चौथा दौरा है।