
Influencer Manjeet Kaur Death Case : चंडीगढ़। पंजाबी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मंजीत कौर की मौत के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, मौत के समय मंजीत करीब सात सप्ताह की गर्भवती थी। गंभीर रूप से झुलसने के बाद करीब दो महीने तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 26 अगस्त को चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर में उसकी मौत हो गई। मंजीत की मौत के बाद पुलिस ने उसकी मां कांता देवी की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मृतका की मां कांता देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 और 4 जुलाई की रात मंजीत के जानकार शुभी और पिंडा ने उसे चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में बुलाया था। आरोप है कि दोनों ने वहां मंजीत के साथ मारपीट की और जबरन गाड़ी में बैठाकर मोरिंडा के पास सुनसान जंगल में ले गए। शिकायत के अनुसार, जंगल में आरोपियों ने कथित तौर पर मंजीत को पेड़ से बांध दिया और उसे आग लगा दी। घटना के बाद एक अन्य परिचित ने मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से झुलसी मंजीत को अस्पताल पहुंचाया। पहले उसे मोरिंडा के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, इसके बाद मोहाली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर रेफर किया गया।
मंजीत की हालत बेहद गंभीर थी। पीजीआईएमईआर में करीब दो महीने तक उसका इलाज चला। इसी दौरान जब उसे होश आया तो उसने पुलिस को अपना बयान देने की इच्छा जताई थी। खबरों के मुताबिक, पीजीआई पुलिस पोस्ट ने खरड़ सदर पुलिस और मामले के जांच अधिकारी को लिखित सूचना दी थी कि मंजीत बयान देने की स्थिति में है। इसके बावजूद जांच अधिकारी अस्पताल नहीं पहुंचा। इस संबंध में डेली डायरी रिपोर्ट दर्ज होने की भी बात सामने आई है।
26 अगस्त को मंजीत की मौत के बाद पुलिस को दोबारा इसकी सूचना दी गई। इसके बाद अधिकारी अस्पताल पहुंचे। बुधवार देर रात चंडीगढ़ के सेक्टर-34 थाने में मंजीत की मां के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मंजीत कौर सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 1.46 लाख फॉलोअर्स थे। वह नियमित रूप से रील्स और प्रमोशनल कंटेंट पोस्ट करती थीं। उनकी पोस्ट में कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स के प्रचार से जुड़ी रील्स के साथ पंजाबी और हरियाणवी गानों पर बनाए गए वीडियो भी शामिल थे।
मंजीत का एक यूट्यूब चैनल भी था, जिस पर करीब 3,930 सब्सक्राइबर्स थे। यहां वह फैमिली व्लॉग्स पोस्ट करती थीं। उनकी सोशल मीडिया पहचान मुख्य रूप से शॉर्ट वीडियो और लाइफस्टाइल कंटेंट के जरिए बनी थी। मंजीत मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली थीं और खरड़ में किराए के मकान में रह रही थीं।