
Ratan Tata Death Update: देश के प्रमुख कारोबारी रतन टाटा का मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में निधन हो गया। रतन टाटा 86 साल के थे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि उद्योगपति रतन टाटा का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। पीएम मोदी ने भी रतन टाटा निधन पर शोक जताया है। इन राज्यों ने रतन टाटा के निधन पर राजकीय शोक (State Mourning) की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यह भी कहा कि राज्य में एक दिवसीय राजकीय शोक भी रखा गया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को महाराष्ट्र में सरकारी कार्यालयों पर राष्ट्रीय तिरंगा आधा झुका रहेगा। इस दिन राज्य में कोई मनोरंजन कार्यक्रम भी नहीं होगा। रतन टाटा का अंतिम संस्कार गुरुवार को मुंबई के वर्ली इलाके में किया जाएगा। महाराष्ट्र के साथ-साथ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने भी राज्य में एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'झारखंड जैसे पिछड़े राज्य को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने वाले टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन और पद्म विभूषण रतन टाटा जी के निधन पर एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की गई है।'