
Parliament March: नई दिल्ली में सोमवार को हुए CJP के संसद मार्च और विरोध प्रदर्शन पर सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होने कहा, आज संसद मार्च के दौरान पुलिस की बर्बतरा और लाठीचार्ज से छात्रों का मनोबल कम नहीं होगा बल्कि और मजबूत होगा। उन्होने अब आंदोलन पूरे देश में फैलने और जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी रहने की बात कही है।
सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने कहा,आज के प्रदर्शन का मकसद था कि पूरे देश में शिक्षा को एक नेशनल कन्वर्सेशन बनाना, पूरे देश की जमीर को जगाना। सबको पता चल गया है कि यह सरकार कैसे टूटी हुई है। हर जगह से शिक्षा व्यवस्था टूटी हुई है, न्यायपालिका टूटी हुई है। कोई भी संघर्ष आसान नहीं होता।
जब वो सोनम को ले गए, तो उन्होंने सोचा कि मूवमेंट बिखर जाएगा, लेकिन बच्चों ने इसको जिंदा रखा और इतना बड़ा बनाया। अब यह आंदोलन और बड़ा होगा। यह अभी दिल्ली में हुआ, जल्द पूरे देश में होगा।
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने बयान दिया है कि राजनीतिक नेता अस्पताल में सोनम वांगचुक से मिलें और संसद सत्र में शिक्षा की जवाबदेही का मुद्दा उठाने का भरोसा दें, तो वे कल ही भूख हड़ताल खत्म कर देंगे। दूसरी तरफ सोनम वांगचुक ने छात्रों पर की गई दमनकारी कार्रवाई के विरोध में अनशन जारी रखने का फैसला किया है।
सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से अन्य किसी अस्पताल में ट्रांसफर करने की याचिका पर मंगलवार 21 जुलाई को भी दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। गीतांजलि जे. आंग्मो के वकील ने कोर्ट में सफदरजंग अस्पताल में उन्हे सहज माहौल नहीं मिलने की बात कही थी।
गीतांजलि जे. आंग्मो के वकील ने कहा कि सोनम वांगचुक को विरोध करने का अधिकार है और भूख हड़ताल विरोध का एक ऐसा तरीका है जिसे संविधान में मान्यता मिली हुई है। उनके वकील ने कोर्ट में कहा कि सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों के खिलाफ कोई शिकायत नहीं है, लेकिन सोनम वांगचुक ऐसे माहौल में नहीं थे जहां उन्हें सहज महसूस हो।