
Sonia Gandhi Belonging A Journey of Love Book: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) के प्रकाशन को लेकर जारी विवाद के बीच भारत में इसके कवर को लेकर भी बदलाव की संभावना है। किताब के अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय संस्करण का कवर अलग-अलग हो सकता है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में किताब के कवर पर सोनिया गांधी की साड़ी पहने हुए तस्वीर को इस्तेमाल किया जा सकता है। दरअसल, यह तस्वीर उनके पति राजीव गांधी ने खींची थी। वहीं पुस्तक के अंतर्राष्ट्रीय संस्करण के कवर पर सोनिया गांधी का क्लोज-अप फोटो इस्तेमाल किया गया है।
बता दें कि सोनिया गांधी की इस संस्मरण पुस्तक के भारत में प्रकाशन को लेकर पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया (PRHI) के साथ बातचीत में मतभेद सामने आए थे। रिपोर्टों में दावा किया गया था कि सोनिया गांधी संपादकीय बदलावों को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं थीं, जिसके बाद प्रकाशन समझौता आगे नहीं बढ़ सका।
हालांकि, पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने इन खबरों पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि वह भारत में इस पुस्तक का प्रकाशक नहीं है और यह कहना सही नहीं है कि लेखक द्वारा संपादकीय बदलाव स्वीकार नहीं किए जाने के कारण उसने पुस्तक प्रकाशित करने से इनकार कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, हार्पर कॉलिन्स भारत में सोनिया गांधी की इस पुस्तक के प्रकाशन और वितरण को लेकर समझौते को अंतिम रूप देने के करीब है। हालांकि, प्रकाशन संस्था ने इस संबंध में अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि सोनिया गांधी की किताब को भारत में प्रकाशित न करने के लिए पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया पर ‘दबाव’ बनाया गया है। इस आरोप के बाद सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है।
कांग्रेस के लोकसभा उपनेता गौरव गोगोई ने पेंगुइन इंडिया के बयान को ‘कमजोर’ बताते हुए BJP पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा- Penguin India ‘Exam Warriors’ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर कई किताबें प्रकाशित करने में खुश है। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP सरकार में कुछ लोग अब इस बात से डर रहे हैं कि सोनिया गांधी की किताब भारत के लोग पढ़ेंगे।