राष्ट्रीय

Bihar Flood: बिहार के 19 जिलों में बाढ़ का कहर, तेजस्वी ने केंद्र से की 5000 करोड़ की मांग, बोले- छतों पर फंसे हैं लोग

Tejashwi Yadav on Bihar Flood: बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार से बिहार को 5 हजार करोड़ की विशेष वित्तीय सहायता देने की मांग की है। उन्होंने बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और दूर-दराज के दियारा इलाकों में वायुसेना के हेलीकॉप्टरों से राहत सामग्री पहुंचाने की अपील की।
2 min read
Sep 06, 2026
bihar flood tejashwi yadav
बाढ़ में फंसे लोगों की ओर इशारा करते तेजस्वी (फोटो- Tejashwi Yadav FB)

Bihar Flood: बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने गंगा के बढ़ते जलस्तर और 19 जिलों में बाढ़ को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर हमला बोला है। तेजस्वी ने कहा कि दियारा क्षेत्र पूरी तरह से जलमग्न हो चुका है और लोग छतों पर शरण लेने को मजबूर हैं। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार बिहार में आई इस विनाशकारी बाढ़ को तुरंत राष्ट्रीय आपदा घोषित करे और राज्य के लिए 5,000 करोड़ रुपये का विशेष वित्तीय सहायता पैकेज जारी करे।

राहत सामग्री बांटने के लिए वायु सेना की मांग

तेजस्वी यादव ने कहा कि गंगा के जलस्तर में भारी बढ़ोतरी के कारण दूर-दराज के दियारा इलाके पूरी तरह डूब गए हैं। लाखों लोग अपने घरों में कैद हैं और बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग छतों पर जमा होकर मदद का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण साफ पीने के पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं का गंभीर संकट पैदा हो गया है। प्रशासन की ओर से पर्याप्त नावें और राहत शिविर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने मांग की कि बिहार और केंद्र सरकारें केवल अपने दौरों के लिए हेलीकॉप्टर न उड़ाएं, बल्कि बाढ़ प्रभावित और दुर्गम इलाकों में भोजन और जरूरी राहत सामग्री हवाई मार्ग से पहुंचाने के लिए भारतीय वायु सेना की मदद लें।

प्रधानमंत्री से राहत पैकेज की मांग

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार का लगभग 76 प्रतिशत इलाका बाढ़ की चपेट में है, जिससे 20 लाख से ज़्यादा आबादी प्रभावित हुई है और हजारों मवेशी बह गए हैं। फिर भी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस आपदा के बारे में एक शब्द भी नहीं कहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय तो प्रधानमंत्री तुरंत बिहार पहुंच जाते हैं, लेकिन जब लाखों लोग आपदा के बीच जीवन बचाने के लिए संघर्ष कर रहे होते हैं, तो वे पूरी तरह चुप रहते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे तुरंत बिहार का दौरा करके नुकसान का जायजा लें और पीड़ितों के लिए तत्काल राहत पैकेज जारी करें।

महंगाई को लेकर भी सरकार पर साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले, जब गैस सिलेंडर की कीमत 384 थी, तो बीजेपी नेता सिलेंडर को कंधे पर उठाकर सड़कों पर उतरते थे और महंगाई को 'डायन' कहते थे। आज उसी सिलेंडर की कीमत 1,100 के पार चली गई है और दाल, खाना पकाने का तेल, पेट्रोल, डीजल, टमाटर और प्याज की कीमतें आसमान छू रही हैं।

तेजस्वी ने कहा कि मौजूदा सरकार के लिए महंगाई अब 'डायन' नहीं, बल्कि 'महारानी' बन गई है, जिससे वे चिपककर बैठे हैं। कुछ पूंजीपतियों की तिजोरियां भरी जा रही हैं, जबकि गरीबों और मध्यम वर्ग के लिए जीवन मुश्किल हो गया है।

Updated on:
06 Sept 2026 02:49 pm
Published on:
06 Sept 2026 02:47 pm
Also Read
View All