
Tiger Shroff Firing Eyewitness: मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना को लेकर एक चश्मदीद ने बड़ा दावा किया है। प्रत्यक्षदर्शी राकेश कुमार के मुताबिक, घटना शाम करीब 7 बजे हुई। उन्होंने बताया कि वारदात में तीन लोग शामिल थे। इनमें से एक मोटरसाइकिल पर था, जबकि दो अन्य मौके पर मौजूद थे। चश्मदीद राकेश कुमार ने बताया कि वह मुंबई में रिक्शा चलाते हैं। शाम करीब 7 बजे वह अपना वाहन निकालने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने तीन लोगों की गतिविधियां देखीं।
राकेश कुमार के मुताबिक, फायरिंग करने वाले एक व्यक्ति ने सामने से गोली चलाई। उसका निशाना वह खास सीट थी, जिस पर टाइगर श्रॉफ बैठे हुए थे। वहीं, गेट के पास खड़े दूसरे व्यक्ति ने भी गोली चलाई, जो ड्राइवर के हाथ में लगी। एक व्यक्ति गेट के पास खड़ा था, जबकि दूसरा गेट से कुछ आगे मौजूद था। तीसरा व्यक्ति मोटरसाइकिल पर था। उन्होंने बताया कि पूरी घटना शाम करीब 7 बजे हुई।
फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर है। वीडियो देखने पर पता चला कि करीब पांच राउंड फायरिंग हुई, जिसमें उनका ड्राइवर घायल हो गया। भगवान की कृपा से टाइगर श्रॉफ बच गए, जो कि बहुत बड़ी राहत की बात है। हालांकि, इस तरह की हरकत की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। मैंने टाइगर श्रॉफ और उनके परिवार से बात की है। उनके ड्राइवर के दाहिने हाथ में चोट आई है। टाइगर का परिवार, खासकर उनकी मां इस घटना को लेकर बहुत चिंतित हैं और सोच रहे हैं कि आखिर किसी ने उन पर हमला क्यों किया, जबकि उनकी किसी से कोई दुश्मनी या रंजिश नहीं है।
बता दें कि यह घटना रविवार शाम को हुई, जब मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों ने जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाईं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी पुलिस कमिश्नर को इस मामले की तुरंत जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती है। वहीं, फायरिंग मामले में घायल एक अन्य व्यक्ति उमेश चव्हाण को कूपर अस्पताल से केईएम अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि वह गंभीर रूप से घायल हैं और बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए अधिकारियों ने उन्हें केईएम अस्पताल भेज दिया है।