राष्ट्रीय

भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर पर आया संयुक्त राष्ट्र का बयान, कहा- अब दुनिया बेहतर स्थिति में है

UN ने कहा- हमें उम्मीद है कि संघर्ष विराम जारी रहेगा।
2 min read
• •
Updated: 14 May 2025, 7:50 AM IST
Feature image

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने मंगलवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम के बाद दुनिया बेहतर स्थिति में है। दुजारिक ने अपनी ब्रीफिंग में कहा, "हमें उम्मीद है कि संघर्ष विराम जारी रहेगा। इसके साथ-साथ हम यह भी आशा करते हैं कि दोनों पक्ष इसका उपयोग अपने बीच के कई लंबित मुद्दों को निपटाने के लिए करेंगे।"

एक फिलिस्तीनी पत्रकार के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि संघर्ष विराम कायम है। दरअसल, पत्रकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की थी। पत्रकार ने कहा था कि पीएम मोदी के सोमवार के भाषण से पता चलता है कि संघर्ष विराम बहुत नाजुक है। अपने दावे के समर्थन में पत्रकार ने एक पाकिस्तानी बयान का हवाला भी दिया, जिसमें पीएम मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन के लहजे पर आपत्ति जताई गई थी।

10 मई को दोनों देशों के बीच बनी सहमती

दुजारिक ने कहा, "हम पहले की तुलना में बेहतर स्थिति में हैं।" पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशालय (डीजीएमओ) द्वारा भारत स्थित अपने समकक्ष को फोन किए जाने के बाद 10 मई को चार दिन से जारी संघर्ष को समाप्त करने पर सहमति बनी।

भारत ने गत 22 अप्रैल को आतंकवादियों द्वारा पहलगाम में हुए 26 लोगों की हत्या के प्रतिशोध में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी बुनियादी ढांचों पर लक्षित हमले किए। इसके बाद, पाकिस्तान ने भारत पर हमले शुरू कर दिए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। भारत ने भी करारा जवाब दिया।

गुटेरेस ने बताया सकारात्मक कदम

संघर्ष विराम की घोषणा के तुरंत बाद गुटेरेस ने इसे वर्तमान शत्रुता को समाप्त करने और तनाव कम करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम कहते हुए इसका स्वागत किया। इससे पहले जब टकराव बढ़ रहा था तो उन्होंने संयम बरतने का आह्वान करते हुए कहा था, "विश्व भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव बर्दाश्त नहीं कर सकता।"

सोर्स- IANS

Updated on:
14 May 2025, 7:50 AM IST
Published on: