
Vadodara-Mundra Flight: गुजरात के दो प्रमुख औद्योगिक और कारोबारी केंद्रों वडोदरा और मुंद्रा के बीच अब सीधी एयर टैक्सी सेवा शुरू हो गई है। इस सेवा के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले कारोबारियों, उद्योगपतियों, अधिकारियों और पेशेवरों को लंबी सड़क यात्रा से राहत मिलने की उम्मीद है। वडोदरा लोकसभा सांसद हेमांग जोशी ने सोशल मीडिया के जरिए इस सेवा की शुरुआत की जानकारी साझा की।
यह एयर टैक्सी सेवा खास तौर पर उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिन्हें मुंद्रा पोर्ट और कच्छ के आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित रूप से आना-जाना पड़ता है। मुंद्रा देश के प्रमुख बंदरगाहों में शामिल है और इसके आसपास बड़ा औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स नेटवर्क विकसित हुआ है। वहीं, वडोदरा गुजरात के प्रमुख विनिर्माण और वाणिज्यिक केंद्रों में से एक है।
फ्लाई एयर टैक्सी के क्षेत्रीय नेटवर्क में मुंद्रा को जामनगर, दीव और राजकोट से भी जुड़ेंगे है। इन मार्गों पर आने-जाने दोनों दिशाओं में उड़ानों की सुविधा उपलब्ध होगी। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, नए रूट शुक्रवार से खुले हैं। डायनेमिक प्राइसिंग के तहत टिकट की कीमत 499 रुपए से 3,400 रुपए के बीच रहने की उम्मीद है।
इससे पहले 17 अगस्त को अहमदाबाद-मुंद्रा के बीच स्टार एयर की सीधी उड़ान सेवा भी शुरू हुई थी। इसे गुजरात में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया था।
'कनेक्टिंग बिजनेस, पावरिंग प्रोसेस' टैगलाइन के साथ शुरू की गई इस सेवा के तहत वडोदरा से मुंद्रा के लिए कई सुबह की उड़ानें निर्धारित की गई हैं। शेड्यूल के अनुसार, सोमवार से रविवार तक FAT 201, FAT 202 और FAT 203 उड़ानें क्रमशः सुबह 6:30 बजे, 6:55 बजे और 7:20 बजे रवाना होंगी। रविवार को अतिरिक्त FAT 204 सेवा सुबह 7:45 बजे चलेगी।
वापसी में सोमवार से गुरुवार तक FAT 305, FAT 310 और FAT 315 उड़ानें शाम 6:32 बजे से 7:22 बजे के बीच वडोदरा पहुंचेंगी। शुक्रवार और शनिवार को FAT 319, FAT 323 और FAT 327 की वापसी सेवाएं शाम 6:21 बजे से 7:11 बजे के बीच निर्धारित हैं। रविवार को चार वापसी उड़ानें FAT 335, FAT 330, FAT 332 और FAT 334 रहेंगी। इनके वडोदरा पहुंचने का समय सुबह 11:36 बजे से शाम 6:26 बजे तक है।
एयर टैक्सी में सीटों की संख्या सीमित है, इसलिए यात्रियों को एडवांस बुकिंग की सलाह दी गई है। सेवा में तेज चेक-इन, आरामदायक सीटिंग और प्रशिक्षित क्रू के साथ सुरक्षा और सुविधा पर जोर दिया गया है।