राष्ट्रीय

बांकीपुर उपचुनाव: गिरफ्तारी के बाद पुलिस वैन से वीणा मानवी का वीडियो, कहा- भले ही PK जीत जाएं, BJP को हरा देना

Bankipur bypoll Veena Manvi arrest: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में नामांकन के बाद गिरफ्तार जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी ने वीडियो जारी कर अपनी गिरफ्तारी पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें चुनावी प्रक्रिया प्रभावित करने के लिए गिरफ्तार किया गया।
2 min read
Jul 13, 2026
bankipur bypoll
नामांकन के बाद वीणा मानवी को ले जाती पुलिस (फ़ोटो- वीडियो ग्रैब)

Bankipur Bypoll: बांकीपुर उपचुनाव में पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की पार्टी 'जनशक्ति जनता दल' (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी को सोमवार को गांधी मैदान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें पटना कलेक्ट्रेट में नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद निकलते समय हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस उन्हें मेडिकल जांच के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) ले जा रही थी, तो मानवी ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीणा मानवी ने लगाया साजिश का आरोप

पुलिस वैन के अंदर बनाए गए लगभग छह मिनट के इस वीडियो में वीणा मानवी ने भारतीय जनता पार्टी पर एक सोची-समझी साजिश के तहत उन्हें फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "मैंने स्क्रूटनी प्रक्रिया के दौरान अपने सभी मामलों की स्थिति की जांच की थी। कोई भी वारंट या गिरफ्तारी का आदेश लंबित नहीं था। मेरा नामांकन रद्द कराने के लिए पुलिस ने मुझे किसी भी गलती को सुधारने का मौका दिए बिना तुरंत गिरफ्तार कर लिया। BJP एक महिला के संघर्ष से इतनी डरी हुई है कि वे इतनी सस्ती और ओछी राजनीति पर उतर आए हैं।"

अपनी गिरफ्तारी के पीछे की वजह पर अंदेशा जताते हुए वीणा मानवी ने कहा कि साल 2019-20 के एक पुराने जमीन व प्रॉपर्टी विवाद के मामले को आधार बनाकर बीजेपी की एक कार्यकर्ता के पति (लाला जी) ने यह पूरा षड्यंत्र रचा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो केस ऑनलाइन 'डिस्पोज' (बंद) दिख रहा है और जिसमें वह मुख्य आरोपी भी नहीं थीं, उसमें नामांकन के ठीक बाद ही इतनी तत्परता क्यों दिखाई गई?

भले ही PK जीत जाएं, BJP को हरा देना - वीणा मानवी

खुद को वैश्य समुदाय की बेटी बताते हुए, वीणा मानवी ने लोगों और युवाओं से एकजुट होने की अपील की। ​​उन्होंने कहा, "प्रशासन ने मुझे इसलिए गिरफ्तार किया है ताकि मैं 16 तारीख (नॉमिनेशन की जांच और नाम वापस लेने का समय) तक जेल में ही रहूं। मैं बिहार के युवाओं और वैश्य समुदाय से अपील करती हूं कि भले ही इस बार प्रशांत किशोर जीत जाएं, लेकिन इस गंदी राजनीति का विरोध करने के लिए आपको हर हाल में बीजेपी को हराना होगा।"

3 अगस्त को चुनाव का रिजल्ट

गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए वोटिंग 30 जुलाई को होनी है और नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। इस सीट से बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा, आरजेडी की रेखा गुप्ता और खुद जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) भी चुनाव लड़ रहे हैं।

Updated on:
13 Jul 2026 04:59 pm
Published on:
13 Jul 2026 04:59 pm