नई दिल्ली

दिल्ली में AAP की सफाई पर पंजाब में फैला आक्रोश, आतिशी के बयान ने आम आदमी पार्टी की बढ़ाईं मुश्किलें

भाजपा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने सिख गुरु का अपमान किया है। इसी को लेकर भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता से आतिशी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले ने राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ सिख संगठनों में भी नाराजगी पैदा कर दी है।
3 min read
BJP on Atishi Guru Tegh Bahadur remark
भाजपा विधायकों ने आतिशी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया (Photo: IANS)

भाजपा ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी (आप) की सीनियर नेता आतिशी ने दिल्ली विधानसभा में नौवें सिख गुरु के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की है। भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता से आतिशी की सदस्यता रद्द करने की मांग की है। उधर, विपक्ष की नेता आतिशी ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने सिख गुरु का अपमान नहीं किया, यह भाजपा की संकीर्ण राजनीति है।

हालांकि इस विवाद की गूंज दिल्ली से पंजाब तक सुनाई दे रही है। पंजाब में भाजपा, अकाली दल और कांग्रेस ने आप सरकार को घेरा है। लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह आतिशी के बयान को तोड़-मरोड़ कर अपने फायदे के लिए राजनीति कर रही है। उन्होंने सिख गुरु तेग बहादुर के बारे में कभी भी ऐसी टिप्पणी नहीं की थी।

SGPC ने की आतिशी की सदस्यता रद्द करने की मांग

भाजपा ने आरोप लगाया कि सिख गुरु के 350वें शहादत दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम में एक विशेष चर्चा के बाद आतिशी ने गुरु तेग बहादुर का अपमान किया था। भाजपा विधायकों ने आतिशी के खिलाफ सदन में विरोध प्रदर्शन किया।शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने भी आतिशी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और उनकी सदस्यता रद्द करने को कहा है।

रेखा गुप्ता ने आतिशी पर साधा निशाना

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि वह गुरु तेग बहादुर पर आतिशी की शर्मनाक और अभद्र टिप्पणी से बहुत आहत हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इस शर्मनाक और अशोभनीय टिप्पणी से न केवल सिख समुदाय बल्कि पूरे देश के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।’’

रेखा गुप्ता ने कहा कि कई मंत्रियों, विधायकों और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने आतिशी की टिप्पणी पर आपत्ति जताने के लिए विधानसभा में उनसे मुलाकात की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध करती हूं कि वह इस मामले का संज्ञान लें और एक उचित फैसला लें और सदन की गरिमा, संवैधानिक मूल्यों और जन भावनाओं के अनुसार उचित कार्रवाई की जाए।’’

माफी मांगे भाजपा- भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर पंजाब विरोधी और सिख विरोधी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज फिर उनका (भाजपा) पंजाब और सिख विरोधी चेहरा सामने आया है, जब उन्होंने आतिशी जी के वीडियो में, जो लफ्ज उन्होंने बोले ही नहीं थे, उनमें गुरु साहिब का नाम जोड़कर गुरु साहिब का अपमान किया। इस शर्मनाक हरकत पर भाजपा को सिख समुदाय और पंजाबियों से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा हमेशा धर्म और नफरत की राजनीति करती रही है, लेकिन उनकी यह राजनीति पंजाब में नहीं चलेगी।’’

आतिशी बोलीं- जान दे सकती हूं लेकिन...

दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने कहा, “भाजपा सिख समाज और गुरुओं से नफरत करती है, और आज भी इन्होंने गुरुओं का अपमान करते हुए एक घिनौनी हरकत की है। भाजपा ने गुरु तेग बहादुर जी के नाम को गलत तरीके से इस्तेमाल किया और गुरु साहब का अपमान किया। उन्होंने एक वीडियो ट्वीट किया जिसमे गुरु साहब के बारे में दो झूठ कहे है। जिसमें पहला झूठ- यह वीडियो गुरु तेग बहादुर जी की शहीदी के 350 साल की चर्चा समाप्त होने के बाद का है, जब एलजी के अभिभाषण पर चर्चा शुरू थी। जबकि दूसरा झूठ- वीडियो में मैंने भजपा के प्रदूषण की चर्चा से बचने और उनके विधान सभा में आवारा कुत्तों के मुद्दे पर हुए प्रदर्शन के बारे में कहा है, “तो आप कराइये ना चर्चा, क्यों सुबह से भाग रहें हैं? कह रहें हैं, कुत्तों का सम्मान करो! कुत्तों का सम्मान करो! अध्यक्ष महोदय इस पर आप चर्चा कराइए।” लेकिन भाजपा ने झूठा सब-टाइटल लगा कर गुरु तेग बहादुर जी का नाम उसमें डाला।“

आतिशी ने आगे कहा, “भाजपा को सिखों से ऐसी क्या नफ़रत कि वो गुरु तेग बहादुर जी का नाम झूठे तरीक़े से घसीट रहे हैं? मैं एक ऐसे परिवार से हूं जहां पीढ़ियों से परिवार का सबसे बड़ा बेटा सिख धर्म अपनाता आया है। समाज की रक्षा करने के लिए अपनाता है। मैं अपनी जान दे सकती हूं लेकिन गुरु साहब का अपमान नहीं कर सकती। गुरु तेग बहादुर जी ने दूसरे धर्म के लोगों की रक्षा करने के लिए अपनी जान की कुर्बानी दे दी। और भाजपा अपनी टुच्ची राजनीति के लिए उनके नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं? उन्हें शर्म आनी चाहिए।“

Updated on:
08 Jan 2026 02:29 pm
Published on:
08 Jan 2026 02:07 pm
Also Read
View All
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अनिल शास्त्री बोले- आज कोई लाल बहादुर शास्त्री नहीं, जो नैतिक आधार पर पद छोड़ दे

ECINET को लेकर फिर घमासान, जयराम रमेश ने उठाए ERO के अधिकारों पर सवाल; अब चुनाव आयोग करेगा जांच

दिल्ली: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पहुंचे सौरभ भारद्वाज हिरासत में, बोले- छह दिन पहले मांगी थी अनुमति, फिर क्यों रोका जा रहा?

Delhi Metro Stations Closed: दिल्ली मेट्रो यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट! इन 11 स्टेशनों पर बंद रहेंगे एंट्री-एग्जिट, यहां मिलेगी इंटरचेंज सुविधा

Delhi Section 163: दिल्ली में धारा 163 लागू, 5 से ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक; संसद इलाके में बढ़ी सख्ती