
abhijeet dipke Latest Update: CJP ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर दावा किया है कि अभिजीत दीपके मुंबई से दिल्ली आ चुके हैं। पार्टी ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर लिखा कि अभिजीत दीपके मुंबई से दिल्ली के लिए निकल चुके हैं, कुछ बड़ा होने वाला है।
CJP की इस पोस्ट के बाद अभिजीत दीपके के दिल्ली पहुंचने और वहां किसी बड़ी राजनीतिक गतिविधि को लेकर अटकलें तेज हो सकती हैं। हालांकि, पार्टी ने पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया है कि दिल्ली में आगे क्या होने वाला है या अभिजीत दीपके किस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस पोस्ट को ऐसे समय में साझा किया गया है, जब CJP और उसके नेताओं के विरोध-प्रदर्शनों को लेकर दिल्ली में पहले भी चर्चा रही है। फिलहाल, पार्टी की ओर से किसी आगामी कार्यक्रम या प्रदर्शन को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
बता दें कि दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही अभिजीत दीपके केंद्र सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस देश में तिरंगा फहराना अपराध है? दिपके ने दावा किया कि अशुतोष और सौरव को पांच दिनों के लिए जेल भेज दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेताओं को सिर्फ इसलिए जेल में डाला गया, क्योंकि उन्होंने जंतर-मंतर पर जाकर तिरंगा फहराया था। अभिजीत दिपके ने इस कार्रवाई की तुलना अंग्रेजों के शासनकाल से करते हुए कहा कि उस समय सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया जाता था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा समय में भी कुछ ऐसा ही किया जा रहा है।
गौरतलब है कि CJP के नेता सौरव दास और अशुतोष रांका को 13 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था। पुलिस के अनुसार, दोनों ने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाए जाने के बावजूद वहां पहुंचकर बैरिकेड पार किए और नारेबाजी की। 14 अक्टूबर को मजिस्ट्रेट ने दोनों को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजने का आदेश दिया। वहीं, CJP के एक अन्य नेता अजिंक्य शिंदे को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।