
Abhijeet Dipke PM CARES Fund Demand: जंतर-मंतर पर सफल प्रोटेस्ट के बाद से कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके लगातार सरकार को घेरने का काम कर रहे हैं। दरअसल, बीते कुछ दिनों से वह 'स्कूल ठीक करो' अभियान पर जोर दे रहे हैं। इस अभियान के तहत सीजेपी के समर्थक देश के अलग-अलग जिलों से स्कूलों की बदहाली को दिखाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी बीच दीपके ने अब केंद्र सरकार से बड़ी मांग कर दी है। उन्होंने एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा है कि 'पीएम केयर फंड में जो पैसा है, सरकार उसका इस्तेमाल स्कूलों की ठीक करने के लिए करे।'
बता दें कि बुधवार को एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए अभिजीत दीपके ने यह मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने एक रिपोर्ट का दावा करते हुए कहा कि पीएम केयर फंड में 8.5 हजार करोड़ रुपए हैं, जो कहीं पर भी यूज नहीं हो रहा है। दीपके ने कहा कि एक तरफ पीएम केयर फंड में इतने पैसे पड़े हुए हैं और दूसरी तरफ सरकारी स्कूल के बच्चे सड़क के लिए रो रहे हैं, उनके स्कूलों में बैठने के लिए बेंच नहींं है, पीने के लिए साफ पानी नहीं है। उन्होंने सवाल करते हुए पूछा कि आखिर यह पैसा किस दिन के लिए रखा गया है। इन पैसों के इस्तेमाल स्कूलों को ठीक करने के लिए क्यों नहीं किया जा रहा है?
इसके साथ ही उन्होंने नए स्कूल बनाने की बात करते हुए कहा कि 'अगर हम एक स्कूल बनाते हैं और बनाने में 8 करोड़ रुपए का खर्च आता है तो पीएम केयर फंड में साढ़े आठ हजार करोड़ है। कम से कम देश में एक हजार हाईटेक और मॉडल नए स्कूल आसानी बनाए जा सकते हैं। इसके साथ ही दीपके ने गांव के स्कूलों का जिक्र करते हुए कहा कि 'अभी मैं कई स्कूलों को देखकर आ रहा हूं, हालत इतनी खराब है कि पीने के लिए पानी नहीं है और वहां के संबंधित लोगों से बात किया तो पता चला कि उनको यह समस्या ठीक करने के लिए फंड तक नहीं मिलता है।
वीडियो में अभिजीत दीपके ने जनता से अपील करते हुए कहा कि पीएम केयर फंड में जो पैसा जमा वह आपका पैसा है पीएम का नहीं है। इसलिए आप लोग आवाज उठाइए और मांग करिए जो साढ़े आठ हजार करोड़ रखा हुआ है उसका इस्तेमाल स्कूल बनाने के लिए किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री से गुजारिश करते हुए कहा कि आप इन पैसे का उपयोग अभी स्कूलों के लिए ही करिए।