नई दिल्ली

खेल, टीम भावना और आपसी जुड़ाव बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण मंच: राजीव दत्ता

जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग (जेपीएल) का अगला संस्करण जयपुर में होगा और इसमें 8 की जगह 16 टीमें हिस्सा लेंगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विशेष कार्याधिकारी राजीव दत्ता ने कहा कि पत्रकारों की व्यस्त और तनावपूर्ण दिनचर्या के बीच खेल गतिविधियां सकारात्मक माहौल बनाने में मदद करती हैं
less than 1 minute read
JPL

नई दिल्ली। यूनाइटेड प्रेस क्लब की ओर से आयोजित जर्नलिस्ट प्रीमियर लीग (जेपीएल) पर तैयार कॉफी टेबल बुक का विमोचन कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में हुआ। समारोह में राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विशेष कार्याधिकारी राजीव दत्ता मुख्य अतिथि रहे। दत्ता ने कहा कि जेपीएल को पत्रकारों के बीच खेल, टीम भावना और आपसी जुड़ाव बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया।

राजीव दत्ता ने घोषणा की कि जेपीएल का अगला संस्करण जयपुर में होगा और इसमें आठ की जगह 16 टीमें हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की व्यस्त और तनावपूर्ण दिनचर्या के बीच खेल गतिविधियां सकारात्मक माहौल बनाने में मदद करती हैं। उन्होंने दिवंगत पत्रकारों के परिवारों की सहायता के लिए यूनाइटेड प्रेस क्लब की ओर से किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।

यूनाइटेड प्रेस क्लब के अध्यक्ष और पंजाब प्रेस लायंस के कप्तान अर्शदीप सिंह समर ने कहा कि जेपीएल ने पत्रकारों के बीच भाईचारे की नई मिसाल कायम की है। इस अवसर पर दिल्ली मीडिया मास्टर्स के कप्तान प्रदीप कुमार, राजस्थान मीडिया रॉयल्स के कप्तान मुकेश मीणा, हिमाचल मीडिया वॉरियर्स के कप्तान मोहित प्रेम शर्मा, जेएंडके प्रेस ग्लेडिएटर्स के कप्तान राहुल कुमार, हरियाणा प्रेस पैंथर्स के कप्तान रवि कालीरामन और चंडीगढ़ प्रेस स्ट्राइकर्स के टीम हेड वरिंदर रावत, यूपी मीडिया फाइटर्स के कप्तान मनोज त्रिपाठी मौजूद रहे।

महिला पत्रकारों के लिए मैराथन

दिल्ली में महिला पत्रकारों के लिए मैराथन आयोजित करने की घोषणा भी की गई। इसका उद्देश्य महिला पत्रकारों को फिटनेस और खेल गतिविधियों से जोडऩा है। प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि भी रखी जाएगी।

Updated on:
14 Aug 2026 11:36 am
Published on:
14 Aug 2026 11:36 am