
नई दिल्ली। सावन के महीने में अयोध्या के तरुन इलाके के एक मैरिज लॉन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत समारोह के दौरान मछली की दावत को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम में मछली पकाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा और एनडीए नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता खुद को हिंदू बताने की कोशिश करते हैं और इसी वजह से अयोध्या जाते हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि सावन का महीना चल रहा है। सावन में मांस और मछली से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि लहसुन और प्याज से भी दूर रहने की परंपरा है, लेकिन ये नए तरह के सनातनी हैं, जो दिखावे के लिए सनातन की बात करना चाहते हैं और दिखावे के लिए मंदिर जाते हैं, लेकिन सनातन परंपराओं का पालन नहीं करते।
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने अजय राय पर पलटवार करते हुए कहा कि पवित्र श्रावण मास में अयोध्या में मछली की दावत देना मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता सनातन के प्रति असहिष्णुता, अराजकता और उदंडता के जरिए खुद को धर्मनिरपेक्षता का सियासी सूरमा साबित करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि इससे उनका सूपड़ा साफ हो जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि अयोध्या धाम भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है और दुनिया भर के लोगों की आस्था इससे जुड़ी है। कांग्रेस नेताओं को खुद समझना चाहिए कि ऐसे धार्मिक शहर में किसी का स्वागत मांसाहारी भोजन से करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वागत करने के और भी कई तरीके हो सकते हैं।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह बहुत दुखद है। अयोध्या धाम हमारा पवित्र स्थल है और यह भगवान रामलला का निवास स्थान है। उन्होंने कहा कि वहां इस तरह की दावत का आयोजन करना और वह भी सावन के महीने में, कांग्रेस की संस्कृति को दर्शाता है। अजय राय की मछली दावत पर मंत्री संजय निषाद ने कहा कि कांग्रेस से पूछा जाना चाहिए कि ऐसा क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता मंदिरों में भी जाएंगे और मछली भी खाएंगे।
संजय निषाद ने कहा कि निषाद सर्वाहारी हैं। वे गरीब और विस्थापित हैं तथा मछली खाना उनकी परंपरा है। वे हमेशा मछली खाएंगे। असल मुद्दा यह है कि निषाद गरीब और अशिक्षित क्यों हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जाल फेंककर और मछली खिलाकर निषादों को फंसाना चाहती है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बार-बार भगवान राम के प्रति अपनी भावनाएं जाहिर की हैं। अजय राय भी बार-बार इस तरह की राजनीति करते हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।