
CJP Leaders Detained: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि पार्टी के नेता सौरव, आशुतोष और अजिंक्य अब भी पुलिस हिरासत में हैं और पुलिस उनके वकीलों को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दे रही है। दिपके ने सवाल उठाया कि आखिर पुलिस वकीलों को हिरासत में लिए गए लोगों से मिलने से कैसे रोक सकती है? उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कानून के शासन का पालन नहीं कर रही है और इस कार्रवाई को अपहरण जैसा बताया। हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन लगातार चर्चा में है। मंगलवार, 13 अक्टूबर को CJP के नेता सौरव दास, आशुतोष रंका और अजिंक्य शिंदे को दिल्ली पुलिस ने फिर हिरासत में ले लिया। रिपोर्टों के मुताबिक, तीनों नेता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और बैरिकेड पार कर अंदर जाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। अब CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि पुलिस हिरासत में मौजूद नेताओं से उनके वकीलों को मिलने नहीं दिया जा रहा है।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके , सह-संयोजक सौरव दास और प्रवक्ता आशुतोष रंका को इससे पहले 10 अक्टूबर को मुंबई से दिल्ली पहुंचे विमान से उतरने के दौरान हिरासत में लिया गया था। तीनों दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने आए थे। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं के विरोध में बुलाया गया था। दिल्ली पुलिस ने उस समय प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। पुलिस का कहना था कि प्रदर्शन से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।
CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। पार्टी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाती रही है। दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी थी, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।