समाचार

निवेश का झांसा देकर 31 लाख की ठगी, विदेशी कंपनी में नौकरी व मुनाफे के नाम पर फंसाया

सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन : 50 लाख के निवेश पर 2 करोड़ कमाने का दिया प्रलोभन, पुलिस जांच शुरू की

2 min read
Mar 29, 2026

इंदौर. शहर में साइबर ठगों ने सोशल मीडिया विज्ञापन के जरिए एक व्यक्ति को निवेश और विदेशी कंपनी में नौकरी का झांसा देकर 31 लाख रुपए की ठगी कर ली। रिटर्न के नाम पर 50 लाख के निवेश पर 2 करोड़ रुपए दिलाने का लालच दिया गया था। शिकायत के बाद एरोड्रम थाना पुलिस ने अज्ञात बैंक खाताधारकों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया विज्ञापन से साधा संपर्क

पुलिस के अनुसार, ठगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आकर्षक विज्ञापन जारी कर फरियादी से संपर्क किया। बातचीत के दौरान उसे महाराष्ट्र और केरल की बड़ी विदेशी कंपनियों में निवेश का अवसर बताकर मोटा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया गया। विश्वास जीतने के लिए ऊंचे पद पर नौकरी दिलाने का भी दावा किया गया।भारी रिटर्न का झांसा

टीआइ तरुण सिंह भाटी के मुताबिक, वर्ष 2024 में आरोपियों ने फरियादी को प्रस्ताव दिया कि 50 लाख रुपए निवेश करने पर 2 करोड़ रुपए का रिटर्न मिलेगा। बड़े मुनाफे के लालच में फरियादी उनके झांसे में आ गया। आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में किस्तों के माध्यम से 31 लाख रुपए से अधिक की राशि जमा करवा ली। जब तय समय पर रिटर्न नहीं मिला और संपर्क बंद हो गया, तब फरियादी को ठगी का एहसास हुआ।

साइबर टीम जुटी जांच में

शिकायत साइबर हेल्पलाइन पर दर्ज होने के बाद एरोड्रम थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। पुलिस उन बैंक खातों की जानकारी खंगाल रही है, जिनमें रकम ट्रांसफर की गई थी। टीआइ भाटी ने बताया कि साइबर टीम डिजिटल फुटप्रिंट्स, बैंक रिकॉर्ड और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर निवेश या नौकरी से जुड़े आकर्षक प्रस्तावों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें।

Published on:
29 Mar 2026 08:09 pm
Also Read
View All

अगली खबर