विदेश यात्रा पर ‘वॉर ब्रेक’ : इजरायल-ईरान तनाव से उड़ानें ठप, यूरोप-यूएस की यात्राएं भी प्रभावित
भूपेन्द्र सिंह, इंदौर. शहर के अनुज वोरा 11 लोगों के साथ सोमवार को दुबई जाने वाले थे, लेकिन अमरीका-इजरायल-ईरान युद्ध के चलते टूर कैंसिल करना पड़ा। राजकमल सर्राफ परिवार के साथ दुबई-आबूधाबी तो सचिन पंड्या परिवार के साथ आबूधाबी घूमने जा रहे थे। इन्हें अपनी यात्रा निरस्त करनी पड़ी। शहर के कई लोग या तो खाड़ी देशों में फंसे हैं या इंदौर से विदेश जाना चाहते हैं, लेकिन ऐनवक्त पर यात्रा रद्द करनी पड़ी है।
ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया एमपी-सीजी के अध्यक्ष हेमेन्द्र जादौन ने बताया कि इंदौर के कई लोगों ने खाड़ी देशों की यात्रा निरस्त की है। उड़ान का रिफंड तो मिल जाएगा, लेकिन होटल व अन्य बुकिंग रिफंड मिलने पर संशय है। रिफंड के लिए संबंधित देश के टूरिज्म विभाग से संपर्क कर रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग दुबई, आबूधाबी, कतर, दोहा में फंसे हैं।
ट्रेवल एक्सपर्ट महेन्द्र सिंह ने बताया कि शहर के संजय बरावलिया 7 लोगों के साथ सोमवार को अलमाटी जाने वाले थे, लेकिन उड़ान कैंसिल हो गई। उन्हें होटल बुकिंग का पैसा रिफंड मिल गया, लेकिन टूर रद्द करना पड़ा। अब वे वियतनाम जा रहे हैं, जो पहले के मुकाबले 25 प्रतिशत महंगा पड़ा। इसी तरह गगन कछावा के साथ 6 लोग बाकू जाने वाले थे। उड़ान कैंसिल होने से पैकेज रद्द करना पड़ा। करीब 90 हजार का नुकसान हो गया। उन्होंने डेढ़ महीने पहले बुकिंग कराई थी। अब वे थाईलैंड जाने की योजना बना रहे हैं।
डॉ. सर्वेश मारू पत्नी और बच्चे के साथ पारिवारिक काम से दुबई गए थे। रविवार को रिटर्न टिकट था, लेकिन दुबई का एयरबेस बंद होने से वहीं फंस गए हैं। अब उनकी चिंता इंदौर लौटने की है, लेकिन कोई रास्ता नहीं सूझ रहा।
खाड़ी देशों में तनाव से हवाई सेवा पूरी तरह चरमरा गई है। जिन देशों में तनाव नहीं है, वहां की यात्रा भी प्रभावित हो रही है। भारत के लोग खाड़ी देशों से होकर ही यूरोप, यूएस, कनाडा, लंदन की यात्रा करते हैं। युद्ध की स्थिति में इन देशों में भी नहीं जा पा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, आबूधाबी टूरिज्म विभाग ने एक आदेश जारी कर कहा है कि जो बाहर से आए हैं, उनका ख्याल रखना है। जिनका चेकआउट था और वे लोग आबूधाबी में ही फंस गए हैं तो वे होटल में ही रहेंगे। किराया यात्री से नहीं लिया जाएगा। भुगतान टूरिज्म विभाग करेगा। होटल बुकिंग कैंसिल करने पर उसका भी रिफंड देने के आदेश दिए गए हैं।
अमरीका-इजरायल-युद्ध के कारण भारत से विदेश की यात्रा खासी प्रभावित हो रही है। टूर पैकेज कैंसिल होने से लोगों का आर्थिक नुकसान हो रहा है। अन्य देशों की उड़ानें भी महंगी हो गई हैं।
महेन्द्र सिंह, ट्रेवल एक्सपर्ट