खातीपुरा की वारदात : आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, पुलिस ने संदिग्ध को लिया हिरासत में
इंदौर. हीरानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खातीपुरा इलाके में रविवार को रंजिश के चलते सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां एक युवक पर कुछ बदमाशों ने सरेराह चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लहूलुहान युवक हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों के पीछे भागता नजर आ रहा है। वारदात के वक्त मृतक का 8 साल का बेटा साथ में था, जिसके सामने पिता की हत्या कर दी गई।
अस्पताल में तोड़ा दमहीरानगर टीआइ सुशील पटेल के अनुसार, मृतक की पहचान सुरेंद्र साहू निवासी जाम बगीचा के रूप में हुई है। रविवार को विवेक और उसके साथियों ने गाड़ी खड़ी करने को लेकर सुरेंद्र को घेरा और उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
टीआइ के मुताबिक, मृतक परिवार में 12 साल की एक बेटी और 8 साल का बेटा है। वह किराने की दुकान में काम करता था। रविवार शाम करीब 7 बजे सुरेंद्र अपने साले की शादी की सालगिरह में शामिल होने आया था। इसी दौरान बाहर आरोपी और उसके साथी किसी बात को लेकर विवाद कर रहे थे। मौके पर सुरेंद्र की बाइक खड़ी थी। जब वह बेटे के साथ बाहर आया तो उसकी आरोपी और उसके साथियों से कहासुनी हो गई। इस दौरान 6 के करीब आरोपी शामिल है। मामले में सीसीटीवी फुटेज की जांच कर तलाश की जा रही है।
पुलिस को मौके से कुछ सीसीटीवी फुटेज और वीडियो मिले हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि चाकू लगने के बाद भी सुरेंद्र ने हार नहीं मानी और वह हमलावरों को पकड़ने के लिए करीब 100 मीटर तक उनके पीछे भागा, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर गिर पड़ा।
पुलिस ने बताया, मुख्य आरोपी पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का है और उस पर पूर्व में भी मामले दर्ज हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके के कुछ संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य फरार साथियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।