
Rhea Chakraborty Face Surgery: बॉलीवुड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने अपने करियर के शुरुआती दिनों को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है। रिया ने बताया कि जब वो महज 17-18 साल की थीं, तब बतौर एमटीवी वीजे उन्हें इतनी अच्छी सैलरी मिलती थी कि वह खुद को काफी अमीर समझने लगी थीं। एक बातचीत के दौरान अभिनेत्री ने अपनी पहली कमाई और उसे खर्च करने के तरीके के बारे में भी खुलकर बात की।
रिया चक्रवर्ती ने हाल ही में कॉमेडियन तन्मय भट्ट के यूट्यूब चैनल पर बातचीत की। वो अपने ब्रांड ‘चैप्टर 2’ के प्रमोशन के सिलसिले में इस बातचीत का हिस्सा बनी थीं। इसी दौरान उन्होंने अपने शुरुआती करियर से जुड़े कई किस्से साझा किए। रिया ने बताया कि बतौर वीडियो जॉकी काम करते हुए उन्होंने कम उम्र में ही अच्छी-खासी कमाई शुरू कर दी थी।
बातचीत के दौरान जब रिया से उनकी MTV VJ वाली नौकरी की कमाई के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि उनके करियर के उस दौर में उनकी आखिरी सैलरी करीब 3 लाख रुपये थी। खास बात यह थी कि उस समय उनकी उम्र केवल 17 या 18 साल के आसपास थी।
रिया के मुताबिक, इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी रकम मिलने की वजह से उन्हें लगता था कि वह काफी अमीर हैं। उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए यह भी बताया कि उस दौर में MTV पर VJ बनने के लिए लुक्स को काफी महत्व दिया जाता था।
रिया ने अपनी कमाई खर्च करने को लेकर भी एक ऐसा खुलासा किया, जिसने बातचीत में मौजूद लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया। अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई का इस्तेमाल अपने चेहरे की सर्जरी पर किया था।
अपनी पुरानी और मौजूदा तस्वीरों के बीच अंतर का जिक्र करते हुए रिया ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उन्होंने चेहरे को लिफ्ट कराने पर पैसे खर्च किए थे। उन्होंने कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट की मौजूदा तकनीक की तारीफ भी की और कहा कि आज के दौर में इसके लिए काफी एडवांस तकनीक उपलब्ध है।
इसी बातचीत में रिया ने अपने करियर के शुरुआती दौर से जुड़ी एक और बात बताई। उन्होंने कहा कि जिन पहली मशहूर हस्तियों से उनकी मुलाकात हुई, उनमें सलमान खान का नाम शामिल था। कम उम्र में टीवी की दुनिया में कदम रखने के बाद रिया ने धीरे-धीरे मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बनाई।
रिया चक्रवर्ती अब सिर्फ फिल्मों और टीवी से जुड़े काम तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने बिजनेस की दुनिया में भी कदम रखा है। अपने भाई शोविक चक्रवर्ती के साथ वो 'चैप्टर 2' नाम का ब्रांड चलाती हैं। इसके अलावा वह पॉडकास्ट के जरिए भी अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों से बातचीत करती हैं।
रिया का कहना है कि उनके करियर का सफर कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। अब वह अभिनय के साथ-साथ अपने दूसरे प्रोफेशनल प्रोजेक्ट्स पर भी ध्यान दे रही हैं।