समाचार

पहले टेस्ट में श्रीगंगानगर के मानव सुथार ने छोड़ी छाप, 28 रन की जुझारू पारी

चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ पदार्पण मैच में दिखाया दमखम, मानव सुथार ने 41 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके और दो छक्के लगाए

2 min read
अफगानिस्तान के खिलाफ पदार्पण मैच में अपनी जुझारू पारी खेलते हुए श्रीगंगानगर के मानव सुथार
Manav Suthar of Sriganganagar plays a fighting innings in his debut match against Afghanistan


श्रीगंगानगर। भारतीय टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले श्रीगंगानगर के युवा क्रिकेटर मानव सुथार ने अपने पहले ही टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। न्यू चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में मानव ने बल्लेबाजी में संयम और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए 28 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। मानव सुथार ने 41 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके और दो छक्के लगाए। अपनी पारी के दौरान उन्होंने अनुभवी बल्लेबाज वॉशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर अफगानिस्तान के गेंदबाजों का डटकर सामना किया और टीम की पारी को संभालने में योगदान दिया। हालांकि उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी और वे अफगानिस्तान के गेंदबाज मोहम्मद सलीम की गेंद पर विकेटकीपर अफसर को कैच थमा बैठे। लेकिन अपने पहले टेस्ट मैच में दिखाई गई बल्लेबाजी क्षमता ने क्रिकेट प्रेमियों और चयनकर्ताओं का ध्यान जरूर आकर्षित किया। श्रीगंगानगर के इस होनहार खिलाड़ी की उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है। क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि मानव ने अपने पदार्पण मैच में ही प्रतिभा की झलक दिखाकर भविष्य के लिए मजबूत दावेदारी पेश की है।



मानव सुथार बोले -यह मेरी जिंदगी की सबसे बेहतरीन फीलिंग



अफगानिस्तान के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में शुरू हुए टेस्ट मैच में युवा ऑलराउंडर मानव सुथार के लिए यह दिन हमेशा के लिए यादगार बन गया ​​था श्रीगंगानगर के 23 वर्षीय मानव ने इसी मुकाबले से भारतीय टीम के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय टेस्ट करियर की शुरुआत की। उन्हें टेस्ट डेब्यू कैप दिग्गज स्पिनर कुलदीप यादव ने प्रदान की। डेब्यू कैप मिलने के बाद भावुक नजर आए मानव सुधार ने कहा कि उनके पास अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। बीसीसीआई की ओर से सांझा किए गए वीडियो में उन्होंने कहा, “मैं इन भावनाओं को शब्दों में बयां नहीं कर सकता। सच कहूं तो यह मेरी जिंदगी की अब तक की सबसे बेहतरीन फीलिंग है। टेस्ट कैप हर क्रिकेटर का सपना होती है। इससे मुझे काफी प्रेरणा मिली है। कुलदीप भाई जैसे लेजेंड से डेब्यू कैप पाकर मैं खुद को बेहद प्रेरित महसूस कर रहा हूं। इस अवसर पर कुलदीप यादव ने भी युवा खिलाड़ी का उत्साहवर्धन किया।



आल राउंडर के रूप में हुआ है यह चयन



आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस का प्रतिनिधित्व करने वाले मानव सुधार बाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं। घरेलू क्रिकेट में वह राजस्थान क्रिकेट टीम के लिए खेलते हैं। यदि उनके प्रथम श्रेणी करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 29 मैचों की 48 पारियों में एक शतक और छह अर्धशतकों की मदद से 945 रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी में 52 पारियों में 129 विकेट अपने नाम किए हैं। उनके इसी शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन ने राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिलने के साथ डेब्यू का अवसर प्राप्त हुआ।



Published on:
07 Jun 2026 01:29 pm