मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के जांणुदा गांव की घटना
धनला (पाली) . मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र के जाणुंदा गांव में गुरुवार देर रात को चोरों ने घर में सो रहे वृद्ध दम्पती से मारपीट कर करीब छह तोला सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पड़ोसी घायल वृद्धा को अस्पताल ले गए। पुलिस के अनुसार जाणुंदा गांव निवासी वजाराम मेघवाल (70) व उनकी पत्नी घीसीदेवी (65) गुरुवार को घर में ही सो रहे थे। रात करीब 12 बजे उनके कच्चे मकान की दीवार फांद कर तीन बदमाश घर में घुसे। दो बदमाश वृद्ध के सीने व पैरों पर बैठ गए तथा उनके गले में पहना चांदी का आभूषण अपने कब्जे में ले लिया। इधर, एक बदमाश ने वृद्धा के कान, गले व सिर पर पहने सोने के आभूषण लूट लिए। इस दौरान वृद्धा चिल्लाने लगी तो बदमाश ने उसके मुंह पर वार किया, जिससे वह बेहोश हो गई। दम्पती का घर गांव से कुछ दूरी पर स्थित होने से लोगों को घटना की जानकारी नहीं हुई। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण उन्हें उपचार के लिए मारवाड़ जंक्शन अस्पताल ले गए। इधर, आउवा चौकीप्रभारी मौके पर पहुंचे तथा बदमाशों की तलाश शुरू की।
अकेले रहते थे वृद्ध दम्पती
वृद्ध दम्पती अकेले रहते थे। दो बेटियां ससुराल जाती है। वृद्ध का घर गांव से कुछ दूरी पर नदी के निकट स्थित है। संभवत: चोरों ने पहले रैकी की थी। वृद्ध वजाराम मेघवाल ने बताया कि बदमाश चार जने थे। इनमें से तीन घर में घुसे तथा एक घर के बाहर निगरानी रख रहा था।
वृद्ध बदमाशों के निशाने पर
वृद्ध इन दिनों बदमाशों के निशाने पर है। गुरुवार को भी जैतारण थाने के आगेवा-कुशालपुरा मार्ग स्थित बेरा पंवारों का नवोड़ा क्षेत्र में जीएलआर पर कपड़े धो रही वृद्धा गणकी देवी सीरवी के गले में पहनी करीब तीन तोले सोने की कंठी बदमाश लूटकर फरार हो गए थे। उनका पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं जुटा सकी। इधर, गुरुवार देर रात को वृद्ध दम्पती से हुई घटना के बाद क्षेत्र के लोग दहशत में है।