-पाली जिले के तखतगढ़ कस्बे व आसपास के गांवों में ढाई घंटे तक हुई बारिश से सडक़ें तरबतर हो गई
पाली/पावा। जिले के तखतगढ़़ कस्बे व आसपास के गांवों में रविवार देर रात को करीब ढाई घंटे तक बारिश हुई। बारिश से गलियां में घुटनों तक पानी बहने लगा। बरसात से तालाबों में भी अच्छा पानी आया। वहीं मौसम ठंडा हो गया है। करीब एक माह बाद मानसून की यह दूसरी सुखद बरसात हुई है। दो दिन पूर्व खेतों में बारिश के अभाव में फसलें जल रही थी, लेकिन बीती रात को हुई बारिश से सोमवार सुबह फसलें खिलखिलाती दिखी। इससे किसानों के चेहरे पर रौनक देखने को मिली।
पेयजल सप्लाई में सार्थक होगा पानी
वैसे तखतगढ़ की पेयजल की सप्लाई नगरपालिका के जिम्मे है। नगरपालिका को पेयजल सप्लाई में तालाब पर निर्भर रहना पड़ता है। तालाब की पाल पर खुदे कुओं से नगर की पेयजल के पानी काम आता है। दो दिन पूर्व तक पानी नहीं होने से सप्लाई के प्रति नगर पालिका प्रशासन चिंतित था।
यह बोई हुई है फसलें
तखतगढ़ में इन दिनों मूंग, ग्वार, तिल, उड़द आदि की फसलें बोई हुई है। तखतगढ़ कस्बे व आसपास के गांवों में बीती रात को हुई बरसात से इन फसलों को फायदा मिलेगा।
तखतगढ़़ में 82 मिलीमीटर बरसात दर्ज
तखतगढ़़ कस्बे के जलसंसाधन विभाग के डाक बंगले में वर्षा मापक यंत्र पर सुबह 8 बजे तक 82 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। अब तक कुल तखतगढ़ में 226 मिलीमीटर वर्षा की गई है।
इनका कहना है...
-बीती रात को अच्छी बरसात हुई। इस बरसात से फसलों को बहुत बड़ा फायदा होगा। शुक्रवार तक बेरुखी मानसून के चलते फसल जलने लगी थी। -कुयाराम देवासी, काश्तकार, तखतगढ़
-रात को ढाई घंटे तक बरसात हुई। बरसात से फसलों के खेतों में पानी जमा हुआ है। फसलों को फायदा मिलेगा। -मांगीलाल, काश्तकार,तखतगढ़।