पटना

बिहार कांग्रेस को बड़ा झटका: भागलपुर जिला अध्यक्ष की सड़क हादसे में मौत, भतीजा समेत तीन घायल

भागलपुर के जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा की कन्नौज में सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि साली, भतीजा और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

3 min read
May 01, 2026
Feature image
प्रवीण सिंह कुशवाहा । फाइल फोटो

बिहार के भागलपुर में नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे दिल्ली से कार से भागलपुर लौट रहे थे, तभी उत्तर प्रदेश के कन्नौज में उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार में सवार उनकी साली, भतीजा और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, स्थानीय राहगीरों की मदद से हादसे में घायल सभी लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्रवीण सिंह कुशवाहा की मौत हो चुकी थी, जबकि अन्य तीनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया। यह हादसा कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र स्थित एक्सप्रेसवे पर हुआ।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि भागलपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह कुशवाहा के सड़क दुर्घटना में हुए असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि इस दुख की घड़ी में वे और पूरी पार्टी उनके परिजनों के साथ मजबूती से खड़ी है।

हादसे में कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह कुशवाहा की मौत

सड़क हादसे में घायलों की पहचान प्रवीण सिंह कुशवाहा की साली कुमारी सपना (23) और सासाराम के शोभागंज निवासी विभु आर्यन (20) के रूप में हुई है। विभु आर्यन मृतक नेता के भतीजे बताए जा रहे हैं। वहीं, भागलपुर के आस्था पटल मंदिर निवासी विनोद मंडल (40) भी इस हादसे में घायल हुए हैं, जो कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह कुशवाहा के चालक हैं।

परिजनों के अनुसार यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र स्थित एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बताया जा रहा है कि चालक विनोद मंडल को झपकी आ गई, जिसके कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराती हुई एनपीआर के बीच स्थित एक पिलर से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार प्रवीण सिंह कुशवाहा और कुमारी सपना गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक विनोद मंडल और विभु आर्यन को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने से पहले ही प्रवीण सिंह कुशवाहा की मौत हो गई।

हादसे से पहले न्याय की मांग उठाई थी

हादसे से करीब छह घंटे पहले प्रवीण सिंह कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर बिहार के युवक पांडव कुमार की हत्या का मुद्दा उठाया था और सवाल किया था कि उसे न्याय कब मिलेगा।

अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि दिल्ली की सड़कों पर एक और बिहारी युवा की जान चली गई। उन्होंने पांडव को “एक सपना, एक उम्मीद” बताते हुए कहा कि उसे सत्ता की चुप्पी और सिस्टम की नाकामी ने खत्म कर दिया। साथ ही, सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने पूछा था—क्या यही डबल इंजन सरकार का न्याय है? क्या इसी के लिए “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” का नारा दिया गया था?

एक महीने पहले मिली थी कमान

प्रवीण सिंह कुशवाहा को महज एक महीने पहले ही भागलपुर जिला कांग्रेस की कमान सौंपी गई थी। उनकी नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के प्रति आभार जताते हुए कहा था कि पार्टी ने एक जमीनी नेता को जिला की जिम्मेदारी दी है, जिससे संगठन और मजबूत होगा।

जिलाध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद उन्होंने संगठन के प्रति अपनी अटूट निष्ठा जताते हुए कहा था कि उनके जीवन में पार्टी और संगठन से बढ़कर कुछ भी नहीं है।

कांग्रेस में शोक

भागलपुर जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा के असामयिक निधन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति बताया है। राजेश राम ने कहा कि प्रवीण सिंह कुशवाहा एक जिंदादिल व्यक्ति थे, जो लगातार राजनीतिक और सामाजिक जीवन में सक्रिय रहते थे। उन्होंने पार्टी की मजबूती के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य किया और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपना एक मजबूत सिपाही खो दिया। उन्होंने आगे कहा कि प्रवीण सिंह कुशवाहा संगठन सृजन कार्यक्रम के संयोजक भी थे। उनके निधन से चल रहे संगठन सृजन कार्यक्रम पर गहरा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पार्टी उनके परिजनों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Updated on:
01 May 2026 08:45 pm
Published on:
01 May 2026 07:40 pm