BSEB 12th Result 2026: बिहार के गया जिले की रहने वाली निशु कुमारी ने इंटरमीडिएट कला संकाय में 479 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। निशु के पिता पेशे से किसान हैं।
BSEB 12th Result 2026: बिहार के गया जिले की रहने वाली निशु कुमारी ने इंटरमीडिएट कला संकाय में 479 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। निशु के पिता पेशे से किसान हैं।
अपनी बेटी की इस सफलता पर उनके पिता ने कहा कि निशु ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। वहीं, निशु ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर मेहनत और पढ़ाई के प्रति समर्पण को दिया।
निशु ने सभी विषयों में शानदार प्रदर्शन किया है। विशेष रूप से भूगोल में उन्होंने 100 में 100 अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा अंग्रेजी में 90, हिंदी में 97, इतिहास में 97 और राजनीतिक विज्ञान में 95 अंक हासिल किए हैं। निशु ने गया जिले के यशवंत इंटर स्कूल, खिजरसराय से इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी।
गया जिले के खिजरसराय प्रखंड के लोदीपुर गांव के निवासी अमोद कुमार एक साधारण किसान हैं। निशु कुमारी उनकी ही बेटी हैं, जबकि उनकी मां रिंकी कुमारी गृहिणी हैं। अपनी बेटी की सफलता पर अमोद कुमार ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद निशु ने परिवार का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि निशु मैट्रिक परीक्षा में भी अपने स्कूल की सेकंड टॉपर रही थी और शुरू से ही पढ़ाई में काफी मेहनती थी।
अमोद कुमार ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि उनकी बेटी बिहार के टॉप 10 में जरूर जगह बनाएगी, लेकिन उसने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर उन्हें चौंका दिया। किसान होने के बावजूद अमोद कुमार अपने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देते हैं, जिसका परिणाम आज सामने है। निशु के बड़े भाई नीरज कुमार गया कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि उनकी छोटी बहन सुप्रिया कुमारी वर्ष 2027 में इंटरमीडिएट की परीक्षा देगी। निशु की इस सफलता ने परिवार के अन्य बच्चों को भी प्रेरित किया है।
निशु की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अमोद कुमार के घर और गांव में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। निशु ने अपनी इस उपलब्धि से यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो किसी भी परिस्थिति में सफलता हासिल की जा सकती है। यशवंत इंटर स्कूल के शिक्षकों ने भी निशु कुमारी का मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया।