पटना

Holi Special Train: मुंबई-राजस्थान-गुजरात से बिहार जाने वालों के लिए बड़ी राहत, रेलवे ने चलाईं कई स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरी लिस्ट

Holi Special Train:  होली पर बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी घोषणा की गई है। मुंबई, राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों से बिहार के बड़े शहरों के लिए सीधी ट्रेनों का ऐलान किया गया है, जिससे यात्रियों को भारी भीड़ से राहत मिलेगी।

2 min read
Feb 19, 2026

Holi Special Train: होली के मौके पर घर लौटने की तैयारी कर रहे बिहार के लाखों प्रवासी यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने पश्चिम और उत्तर-पश्चिम भारत से बिहार के लिए कई होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन विशेष ट्रेनों के जरिए मुंबई, पुणे, राजस्थान और गुजरात से बिहार के प्रमुख स्टेशनों तक सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

रेलवे के इस फैसले से दानापुर, समस्तीपुर, रक्सौल, सहरसा, दरभंगा और पटना जैसे बड़े स्टेशनों पर जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। हर साल होली के दौरान ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट और ज़्यादा भीड़ होती है। इसी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

पुणे-दानापुर के बीच स्पेशल ट्रेनें

पुणे में काम करने वाले बिहार के लोगों के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। गाड़ी संख्या 01481/01482 और 01449/01450 पुणे-दानापुर होली स्पेशल ट्रेनें निर्धारित तिथियों में चलेंगी। ये ट्रेनें डीडीयू-प्रयागराज छिवकी–जबलपुर रूट से होकर गुजरेंगी। 21 फरवरी से 10 मार्च के बीच अलग-अलग तिथियों पर इनका संचालन होगा। इससे महाराष्ट्र में रह रहे बिहारियों को त्योहार पर घर लौटना आसान होगा।

राजस्थान से समस्तीपुर के लिए सीधी ट्रेन

राजस्थान में काम करने वाले बिहारवासियों के लिए भी रेलवे ने सीधी सुविधा दी है। 04731/04732 श्रीगंगानगर–समस्तीपुर स्पेशल ट्रेन 1 मार्च से 31 मार्च 2026 तक चलेगी। यह ट्रेन गोरखपुर और हाजीपुर मार्ग से होकर गुजरेगी। राजस्थान से बड़ी संख्या में मजदूर और व्यवसायी बिहार लौटते हैं, जिन्हें इस सेवा से लाभ मिलेगा।

लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दानापुर और समस्तीपुर

मुंबई से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए भी बड़ी राहत दी गई है। 01143/01144 एलटीटी–दानापुर और 01043/01044 एलटीटी–समस्तीपुर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें डीडीयू, पाटलिपुत्र और हाजीपुर मार्ग से होकर गुजरेंगी। मुंबई महानगर क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों और कर्मचारियों के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण सुविधा मानी जा रही है।

रक्सौल और सहरसा के लिए विशेष सेवा

सीमांचल और मिथिलांचल क्षेत्र के यात्रियों को भी विशेष लाभ मिलेगा। 05557/05558 रक्सौल–एलटीटी और 05585/05586 सहरसा–एलटीटी के बीच स्पेशल ट्रेनें निर्धारित तिथियों पर चलाई जाएंगी। इससे नेपाल बॉर्डर से सटे इलाकों और कोसी क्षेत्र के लोगों को होली पर घर पहुंचने में आसानी होगी।

अहमदाबाद से दरभंगा और पटना तक सुविधा

गुजरात में रह रहे प्रवासियों के लिए भी रेलवे ने विशेष प्रबंध किया है। 09465/09466 अहमदाबाद–दरभंगा और 09447/09448 अहमदाबाद–पटना स्पेशल ट्रेनों का संचालन मार्च के अंत तक जारी रहेगा। ये ट्रेनें अपने निर्धारित समय और ठहराव के अनुसार चलेंगी। अहमदाबाद, सूरत और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत बिहारियों के लिए यह सेवा बेहद महत्वपूर्ण है।

रेलवे ने क्या कहा?

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि होली के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर और भी स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की जा सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले आरक्षण की स्थिति और समय-सारिणी की जानकारी अवश्य जांच लें।

Also Read
View All

अगली खबर