पटना के IGIMS में मंगलवार को MBBS छात्र और सुरक्षा गार्डों के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि गार्डों ने एक छात्र की पिटाई कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद भड़के मेडिकल छात्रों ने अस्पताल परिसर में कई गार्डों की पिटाई कर दी, जिससे करीब दो घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पटना के प्रतिष्ठित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में मंगलवार को जमकर मारपीट हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, विवाद अस्पताल के कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों के बीच हुआ। आरोप है कि एक गार्ड ने 2022 बैच के एमबीबीएस फाइनल ईयर के छात्र को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। छात्र को लात-घूंसों से मारने के साथ उसका बाल पकड़कर खींचा गया और गार्ड रूम में ले जाकर दीवार से टकरा दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज के 150 से अधिक छात्र एकजुट हो गए और उन्होंने ओपीडी से लेकर कंट्रोल रूम तक तैनात कई गार्डों की पिटाई कर दी। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में करीब दो घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पूरा विवाद इलाज और अपॉइंटमेंट को लेकर शुरू हुआ। छात्रों के अनुसार, एमबीबीएस फाइनल ईयर का छात्र सुधीर कुमार अपने एक परिजन को न्यूरो सर्जरी ओपीडी में दिखाने के लिए अस्पताल लेकर गया था, जिनकी तबीयत काफी गंभीर थी। सुधीर ने ओपीडी में ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी सुरेंद्र कुमार दास को अपना आईकार्ड दिखाते हुए डॉक्टर से जल्द अपॉइंटमेंट दिलाने का अनुरोध किया।
आरोप है कि काफी देर तक नंबर नहीं आने पर सुधीर और कर्मचारी के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे तीखी बहस में बदल गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। इसके बाद गार्ड ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एमबीबीएस छात्र पर हमला कर दिया। छात्र सुधीर कुमार का आरोप है कि ओपीडी में विवाद शांत होने के बाद भी वहां तैनात कुछ अन्य गार्डों ने उस पर हमला कर दिया और सभी ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई की।