पटना

Video: कटिहार में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत पर बवाल: थाने में तोड़फोड़, पुलिस पर हमला, रायफल छीनी

कटिहार के फलका थाना में पुलिस कस्टडी में एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने थाने पर हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

2 min read
Apr 04, 2026
कटिहार में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत पर बवाल

बिहार के कटिहार जिले में शनिवार को पुलिस कस्टडी में एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने थाने पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की और पुलिस पर भी हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। उग्र भीड़ ने पुलिस की कई राइफलें भी छीन लीं।

यह घटना कटिहार के फलका थाना क्षेत्र की है। युवक की कस्टडी में मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पहले स्टेट हाईवे-77 को जाम कर दिया। जाम हटाने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला बोल दिया और पुलिसकर्मियों को खदेड़-खदेड़ कर पीटा। इस हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मी लहूलुहान हो गए। इसके बाद उग्र भीड़ थाने में घुस गई और वहां भी जमकर तोड़फोड़ की।

कस्टडी में मौत पर बवाल

पुलिस कस्टडी में मृत युवक की पहचान गोपालपट्टी गांव निवासी 24 वर्षीय राकेश कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे दो दिन पहले बाइक छिनतई के एक मामले में गिरफ्तार किया था। शनिवार सुबह थाने के हाजत में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस उसे आनन-फानन में इलाज के लिए फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस की पिटाई के कारण राकेश की मौत हुई है। वहीं, ग्रामीणों ने इसे ‘पुलिसिया हत्या’ बताते हुए दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर फलका मुख्य चौक को जाम कर दिया।

पथराव के बाद थाने पर हमला

सड़क जाम कर रहे लोगों को जब पुलिस ने समझाने की कोशिश की, तो वे आक्रोशित हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव के बाद पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा, लेकिन उग्र भीड़ उन्हें खदेड़ते हुए थाने तक पहुंच गई। इसके बाद भीड़ ने थाने पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की और एक आरक्षी से उसकी राइफल छीन ली। इस हिंसक घटना में पोठिया ओपी अध्यक्ष नवीन कुमार और सिपाही संजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। संजीव कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

थानेदार समेत दो निलंबित

इस मामले में कटिहार एसपी ने थानाध्यक्ष रवि कुमार राय और अनुसंधानकर्ता कुंदन कुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसपी के अनुसार, राकेश ने हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। जैसे ही पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी, उसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

Updated on:
04 Apr 2026 03:17 pm
Published on:
04 Apr 2026 02:38 pm
Also Read
View All

अगली खबर