पटना

Bihar Politics: निशांत कुमार की सक्रियता बढ़ी, संजय झा के आवास पर 20 जदयू विधायकों के साथ देर रात की बैठक

Bihar Politics निशांत कुमार ने शुक्रवार रात जदयू के करीब 20 विधायकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने विधायकों के साथ अपनी प्रस्तावित राजनीतिक यात्रा को लेकर योजना भी साझा किया।

3 min read
Mar 07, 2026
Feature image
संजय झा के आवास पर विधायकों के साथ निशांत

Bihar Politics: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जदयू ज्वाइन करने से पहले शुक्रवार रात पार्टी के करीब 20 विधायकों के साथ बैठक की। यह बैठक पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के पटना स्थित आवास पर हुई। बैठक में निशांत कुमार के पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल होने से लेकर उनकी आगे की राजनीतिक यात्रा को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई। जानकारी के अनुसार, निशांत कुमार अब रविवार (8 मार्च) को जदयू की सदस्यता लेंगे। इससे पहले 7 मार्च को ही पार्टी ज्वाइन करने की चर्चा थी। सूत्रों के मुताबिक, निशांत कुमार अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत चंपारण से कर सकते हैं।

निशांत की एक्टिव पॉलिटिक्स पर लगी मुहर

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले और नामांकन दाखिल करने के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर विधायकों और मंत्रियों की एक बैठक हुई। इस बैठक में नीतीश कुमार के सामने निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में शामिल होने पर अंतिम मुहर लग गई। बैठक के दौरान ही संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने नीतीश कुमार की मौजूदगी में इसकी घोषणा की। इसके बाद पार्टी ने निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में औपचारिक लॉन्चिंग की तैयारी शुरू कर दी है।

बैठक का वीडियो और फोटो आया सामने

निशांत कुमार के साथ जदयू विधायकों की बैठक का वीडियो और फोटो सामने आया है। तस्वीरों में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के अलावा बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, जदयू एमएलसी संजय गांधी और जदयू के कई विधायक नजर आ रहे हैं। इनमें कोमल सिंह, चेतन आनंद, राहुल सिंह, अतिरेक कुमार, ललन सर्राफ, रूहेल रंजन, शुभानंद मुकेश, एम मृणाल और समृद्ध वर्मा शामिल बताए जा रहे हैं।

इस बैठक को लेकर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यह निशांत कुमार के साथ जदयू विधायकों की औपचारिक बैठक नहीं थी। उनके अनुसार, कुछ विधायक उनसे मुलाकात करने पहुंचे थे। इस दौरान आने वाले दिनों में पार्टी को मजबूत बनाने में निशांत कुमार की संभावित भूमिका को लेकर चर्चा हुई।

चौक-चौराहों पर निशांत के लगे पोस्टर

इधर, पटना के चौक-चौराहों पर निशांत कुमार के स्वागत में पोस्टर लगने शुरू हो गए हैं। जदयू और भाजपा कार्यालयों के आसपास भी उनके समर्थन में पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ निशांत कुमार की तस्वीरें नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि 8 मार्च (रविवार) को दोपहर बाद निशांत कुमार औपचारिक रूप से जदयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

जदयू कार्यकर्ता और नेता मायूस

नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करने के बाद से जदयू के कार्यकर्ता और नेता मायूस नजर आ रहे हैं। वे नीतीश कुमार से कुछ दिन और बिहार की सेवा करने का आग्रह कर रहे थे। इसकी झलक शुक्रवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पर भी देखने को मिली। मुख्यमंत्री आवास पर जदयू विधानमंडल दल की अहम बैठक बुलाई गई थी, जिसमें पार्टी के सभी विधायक, सांसद, एमएलसी और मंत्री मौजूद थे।

मेरी इच्छा थी इसलिए जा रहा हूं

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जदयू नेता और बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बैठक नीतीश कुमार के निर्देश पर ही बुलाई गई थी। बैठक में नीतीश कुमार ने सभी नेताओं से कहा कि वे उन्हें छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं, बल्कि आगे भी उनके बीच ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्यसभा जाने की उनकी इच्छा थी, इसलिए उन्होंने नामांकन किया है। साथ ही बैठक में निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर भी सहमति बनी।

Updated on:
07 Mar 2026 01:06 pm
Published on:
07 Mar 2026 11:12 am