
Bihar Politics मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार शनिवार, 7 मार्च को जदयू की सदस्यता लेंगे। जदयू जॉइन करने के बाद निशांत कुमार बिहार के दौरे पर भी निकलेंगे। इस बात की जानकारी जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने को पार्टी के लिए “मास्टरस्ट्रोक” बताया।
जदयू प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास पर हुई जदयू विधानमंडल दल की बैठक में सभी मंत्री और विधायकों ने एक साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कहा कि उनके राज्य सभा जाने के फैसले से हम सभी दुखी हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जब नीतीश कुमार ने यह फैसला ले लिया है, तो वे उनके साथ खड़े हैं। इसके बाद बैठक में सभी नेताओं ने निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में लाने की मांग की, जिस पर नीतीश कुमार ने सहमति दे दी। इसके बाद जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने बैठक में मौजूद सभी मंत्री और विधायकों को बताया कि निशांत कुमार अगले दिन यानी शनिवार को पार्टी की सदस्यता लेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बिहार की राजनीति छोड़कर केंद्र में जाने के फैसले के बाद यह सवाल उठने लगा है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। इससे जुड़े सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला भी नीतीश कुमार ही करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि उनकी इच्छा के बिना बिहार में कोई फैसला नहीं होगा। चर्चा है कि नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद बिहार में नए सिरे से सरकार का गठन हो सकता है और राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है।