
पटना. कंकड़बाग थानांतर्गत कुम्हार टोली की रहने वाली आशिया खातून ने फोन पर पति से झगडऩे के बाद गले में फंदा लगाकर खुदकशी कर ली। सुबह कमरे से पंखे की खूंटी के सहारे आशिया का शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मायके वालों के बयान पर पति राशिद के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि राशिद मुंबई में काम करता है। वह लॉकडाउन में वहां फंसा है। मायके वालों के अनुसार, आशिया को शक था कि राशिद का दूसरी महिला से अवैध संबंध है। बहरहाल, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आशिया की शादी करीब नौ महीने पहले मोतिहारी के राशिद अली से शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद वह काम करने मुंबई चला गया था। कुछ दिनों बाद आशिया भी मायके लौट आई। बताया जाता है कि दंपती के बीच फोन पर काफी झगड़ा हुआ। इसके बाद आशिया कमरे में सोने चली गई। सुबह काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो घरवालों ने खिडक़ी से झांककर देखा। अंदर आशिया का शव पंखे की खूंटी से रस्सी के सहारे लटका हुआ था।