
एशियन पैरा गेम्स 2026 में सोमवार को जैवलिन थ्रो एफ46 स्पर्धा में रिंकू और अजीत सिंह ने शीर्ष दो स्थान हासिल करते हुए देश का मान बढ़ाया। रिंकू ने 65.11 मीटर की बेहतरीन थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता। वहीं, अजीत सिंह ने 65.02 मीटर की शानदार थ्रो के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। इंडोनेशिया के सकत्योनो आर. ने 55.30 मीटर की थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
एशियन चैंपियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट कोकिला (टॉप्स एथलीट, WR-3) को किर्गिस्तान की ऐबिके उलानबेक किजी (WR-2) से हार का सामना करना पड़ा। ऐबिके 2026 वर्ल्ड चैंपियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट और एशियन चैंपियनशिप 2025 की गोल्ड मेडलिस्ट हैं। कोकिला को 21 सेकंड में 'इप्पोन' से हार मिली और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
कोकिला ने इससे पहले 2022 एशियन पैरा गेम्स में महिलाओं के जे2-48 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। एलए 2028 साइकिल के लिए वेट कैटेगरी (वजन वर्ग) में बदलाव किए गए हैं, और अब कोकिला 52 किग्रा वर्ग में प्रतिस्पर्धा करती हैं। इससे पहले, सोमवार को जापान के नागोया स्थित मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में, सौम्या और राधा वेंकटेश ने पैरा-एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के पदकों की संख्या में और इजाफा किया।
सौम्या (अपने गाइड भरत कुमार के साथ) ने महिलाओं की 1500 मीटर टी12/टी13 फाइनल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता, जबकि राधा (अपने गाइड गोविंद सोलंकी के साथ) ने इसी स्पर्धा में सिल्वर मेडल हासिल किया। सौम्या (टी12 एथलीट) ने 5:12.39 सेकंड (621 रजा प्वाइंट्स) के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि राधा (टी12 एथलीट) 5:30.90 सेकंड (421 रजा प्वाइंट्स) के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। उनके पीछे, जापान की माना सासाकी (टी13) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। हालांकि सासाकी ने 5:12.15 सेकंड का समय निकाला था, लेकिन उन्हें 336 रजा प्वाइंट्स मिले और उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
भारतीय शूटर मोना अग्रवाल और अवनि लेखरा ने सोमवार को ऐची प्रीफ. जनरल शूटिंग गैलरी में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 इवेंट में गोल्ड और सिल्वर मेडल जीता। मोना ने एशियन पैरा गेम्स का रिकॉर्ड 250 का स्कोर बनाकर गोल्ड मेडल जीता, जबकि अवनि ने 249.6 का स्कोर बनाकर सिल्वर मेडल जीता। इन पदकों के साथ एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत का खाता खुल गया है। दक्षिण कोरिया की युनरी ली ने 227.9 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
मोना अग्रवाल ने हमवतन अवनि का एशियाड पैरा गेम्स का 249.6 का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह स्लोवाकिया की इरीना शचेतनिक के 252 का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गईं। अवनि ने इस जीत के साथ 2028 पैरालंपिक गेम्स के लिए कोटा भी हासिल कर लिया है। मोना ने पिछले महीने वर्ल्ड चैंपियनशिप के दौरान अपनी जगह पक्की की थी। इससे पहले मोना और अवनि ने क्वालीफिकेशन राउंड में भी टॉप किया था। मोना ने छह सीरीज के बाद 629.1 पॉइंट्स के साथ टॉप किया, जिससे एशियन पैरा गेम्स का नया क्वालीफिकेशन रिकॉर्ड बना और चीन की झांग कुइपिंग के पिछले मार्क को पीछे छोड़ दिया।