बिहार विधानसभा का चुनाव कांग्रेस आरजेडी के नेतृत्व में लड़ रही है। बिहार की 243 सीटों में से 70 सीटें कांग्रेस के कोटे में। दूसरी सूची में कांग्रेस ने युवा और पुराने चेहरों पर भरोसा जताया।
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव ( Bihar Assembly Election ) के बीच महागठबंधन में शामिल कांग्रेस पार्टी ( Congress Party ) ने आज अपने कोटे से दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी है। सूची जारी करने के साथ ही प्रत्याशियों को सिंबल भी बांटने का काम जारी है। दूसरी लिस्ट में कांग्रेस ने युवा नेताओं और अनजाने चेहरों को तवज्जो दी है। इस सूची में चौंकाने वाला नाम सिने स्टार शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सुमन का नाम भी शामिल है। कांग्रेस से टिकट मिलने के साथ ही लव सिन्हा शत्रु के आधिकारिक वारिश भी बन गए हैं।
बता दें कि शत्रुघ्न सिन्हा ( Shatrughan Sinha ) पहले बीजेपी में थे। बीजेपी में रहते हुए वो केंद्रीय मंत्री भी बने। लोकसभा चुनाव 2019 में बीजेपी से टिकट न मिलने से नाराज होकर वो कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस ने उन्हें पटना साहिब से मैदान में उतारा था। वर्तमान में केंद्र सरकार में कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पहली बार लोकसभा चुनाव उनके खिलाफ लड़े सिन्हा को करारी शिकस्त देने में सफल हुए।
सोनाक्षी सिन्हा के भाई भी हैं लव सिन्हा
अब बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपनी दूसरी लिस्ट में शत्रु के बेटे और अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के भाई लव सिन्हा ( Love sinha ) को बांकीपुर से मैदान में उतारा है। इसके साथ ही सिन्हा के बेटे की आधिकारिक रूप से राजनीति में एंट्री हो गई है। कांग्रेस के युवा नेताओं में बिहार यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष गुंजन पटेल पर भी पार्टी ने इस बार भरोसा जताया है।
पुराने चेहरों पर जताया भरोसा
इसके साथ ही इस सूची में पार्टी ने कई पुराने चेहरों पर भी भरोसा जताते हुए उनके टिकट को बरकरार रखा है। कांग्रेस ने दूसरी सीट में लालगंज विधानसभा सीट से अनुग्रह नारायण सिंह के पोते और कांग्रेस के पूर्व नेता निखिल कुमार सिंह के भतीजे राकेश सिंह को भी प्रत्याशी बनाया है।
दूसरी लिस्ट में शामिल कांग्रेस के प्रत्याशी
हरनौत से कुंदन गुप्ता, बांकीपुर से लव सुमन, नालंदा से यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गुंजन पटेल, बथनाहा से संजय राम, गोविंदगंज से ब्रजेश पांडेय, वैशाली से इंजीनियर संजीव, लालगंज से राकेश कुमार उर्फ पप्पू सिंह, रीगा से अमित टुन्ना, बेगूसराय से अमिता भूषण, बेनीपट्टी से भावना झा, भागलपुर से अजित शर्मा, फुलपरास ये कृपानाथ पाठक, पटना साहिब से प्रवीण कुशवाहा, कदवां से शकील अहमद खान, कुचायकोट से काली पांडेय और कुशेश्वर स्थान से अशोक राम का नाम शामिल है।
Bihar Election 2020 : शरद यादव ने आरजेडी से बनाई दूरी, कांग्रेस ने उनकी बेटी सुभाषिनी पर लगाया दांव