
रायपुर। CG Election 2023 : पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मीडिया संवाद सह ऐप लांच के दौरान कांग्रेस सरकार पर जमकर सियासी हमला किया। उन्होंने कहा, कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार को दिखाने इस ऐप को भाजपा ने लांच किया है। 5 साल में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार का कीर्तिमान बनाया है।
कांग्रेस के घोटालों की सूची बहुत लंबी है। पीएससी में 18 पदों पर हुई नियुक्ति पर उच्च न्यायालय ने रोक लगा दी है। प्रदेश के युवाओं को महादेव ऐप के जरिए जुआ सट्टा में झोंका जा रहा हैं। पहले कांग्रेसी नारा लगाते थे, छत्तीसगढ़ की चार चिन्हारी नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी, पर अब यह बदल गया हैं, उसकी जगह अब चोरी, बेईमानी, भ्रष्टाचारी और लबारी का नारा लगने लगा है।
प्रधानमंत्री आवास के विषय पर पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ. रमन सिंह ने बताया कि राज्य सरकार को केवल सूची बना कर देनी थी। चार बार रिमाइंडर लेटर मुख्य सचिव एवं पंचायत सचिव को केंद्र सरकार ने भेजा परंतु एक भी बार इसका जवाब नहीं दिया है।
यदि समय पर जवाब दे दिया जाता तो आज गरीबों को पक्का मकान मिलता। आज समय निकल जाने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मुख्यमंत्री आवास योजना लाए, लेकिन अब आचार संहिता लगने वाली है अब कोई काम नहीं हो सकता। भूपेश बघेल ने गरीबों का आवास का हक छीना है।